केंद्रीय मंत्री गडकरी की घोषणा के बाद महाकाल मंदिर तक के रोप वे को लेकर फिर हलचल

By AV NEWS

विभाग को भेजे पत्र

रोप वे के लिए रेलवे की एनओसी का इंतजार

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:महाकाल मंदिर जाने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए केंद्र की योजना के तहत रोप वे बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल में मंगलवार को घोषणा की है कि इसका टेंडर फरवरी में लगा दिया जाएगा, लेकिन रेलवे की एनओसी अब तक नहीं मिल पाने से इस प्रोजेक्ट पर लगा ब्रेक अभी हटा नहीं है। बहरहाल, गडकरी की घोषणा से प्रशासन में हलचल तेज हो गई है।

रोप वे की योजना के लिए दो साल पहले ही गडकरी घोषणा कर राशि देने की सैद्धांतिक मंजूरी दे चुके हैं। अब तक यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतर नहीं सका है। संभावना है कि इतना समय बीत जाने के बाद लागत भी बढ़ सकती है। इसकी योजना में एक बार बदलाव भी किया जा चुका है। त्रिवेणी संग्रहालय के पास प्रस्तावित स्टेशन को शासकीय कन्या उमावि के पास बनाने की योजना है। अभी इसका टेंडर भी होल्ड पर रखा गया है। दरअसल प्रशासन को रेलवे की एनओसी का इंतजार है। हालांकि रोप-वे को लेकर किए गए प्रांरभिक सर्वे में बताया गया है कि इसकी दूरी 2.09 किमी होगी। यह रेलवे स्टेशन से शुरू होगा जो महाकाल लोक पहुंचेगा।

रोप-वे के लिए तीन मुख्य टॉवर बनाने की बात भी सामने आई। पहला टॉवर रेलवे स्टेशन, दूसरा त्रिवेणी संग्रहालय पर प्रस्तावित था लेकिन अब इसकी जगह बदल दी गई है। तीसरा महाकाल मंदिर में बनाया जाएगा। एक तरह से रोप-वे ट्राइएंगल बनेगा। मंदिर के पास तीसरा टॉवर भी बनना मुश्किल है। इसकी अधिकतम ऊंचाई 42 मीटर प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि यह उंचाई हरिफाटक ब्रिज के यहां रहेगी। इस जगह से ट्रॉली में बैठे यात्री पूरे महाकाल मंदिर, महाकाल लोक सहित आसपास के नजारे को आसमान से देख सकेंगे। एनएचएलएमएल (नेशनल हाईवे लाजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड) इसकी योजना पर काम कर रहा है।

योजना और अड़चनें

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने 2022 में इसके लिए 209 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी।

नेशनल हाईवे लाजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहा।

यह रेलवे स्टेशन से शुरू होगा जो महाकाल लोक पहुंचेगा। इसकी लंबाई 2.09 किमी होगी।

इसकी अधिकतम उंचाई 42 मीटर प्रस्तावित है।

इसके लिए रेलवे की एनओसी जरूरी है। इसके बाद प्रोजेक्ट आगे बढ़ सकेगा।

रोप वे के रास्ते में कई मकान और होटलें भी हैं।

अभी एनओसी नहीं मिली

रोप वे के लिए अभी रेलवे की एनओसी नहीं मिल सकी है। इसके लिए विभाग को पत्र भेजा है। हालांकि योजना पर काम चल रहा ही।-नीरजकुमार सिंह, कलेक्टर

Share This Article