कॉकरोच जनता पार्टी को नहीं मिली राहत,बंद रहेगा X अकाउंट

दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की याचिका पर केंद्र सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस जारी किया है। याचिका में CJP का X अकाउंट ब्लॉक किए जाने को चुनौती दी गई है।हालांकि, अदालत ने फिलहाल अकाउंट को दोबारा चालू करने का अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कोई भी फैसला लेने से पहले केंद्र सरकार का पक्ष सुनना आवश्यक है।
जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि बिना सरकार का पक्ष सुने ऐसा आदेश पारित नहीं किया जा सकता, क्योंकि इस मामले के व्यापक प्रभाव और दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।अदालत ने केंद्र सरकार को चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को तय की गई है।
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के रूप में हाल ही में चर्चा में आया था। यह प्लेटफॉर्म भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सुर्खियों में आया। शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक CJP के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 2.25 करोड़ (22.5 मिलियन) फॉलोवर्स दर्ज किए गए।









