गुड़ीपड़वा पर होगा यूडीए के नैवेद्य लोक का शुभारंभ!

मुख्यमंत्री के हाथों शुभारंभ के लिए यूडीए ने मांगी अनुमति, इंदौर की 56 दुकानों की तर्ज पर बनी 34 दुकानें
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर की 56 दुकानों की तर्ज पर नानाखेड़ा क्षेत्र में उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए गए फूड झोन ‘नैवेद्य लोक’ का शुभारंभ गुड़ीपड़वा पर होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों से इसका शुभारंभ करवाने के लिए यूडीए ने पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। सीएम की अनुमति मिलते ही बनकर तैयार हो चुके नैवेद्य लोक के शुभारंभ की तैयारियां शुरू हो जाएंगी।
दरअसल, उज्जैन के लोगों और देशभर से यहां आने वाले पर्यटकों को एक ही जगह पर स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद मिल सके, इसके लिए यूडीए द्वारा सी-21 मॉल के समीप बड़ा फूड झोन ‘नैवेद्य लोक’ बनाया है। इंदौर के ‘छप्पन’ की तर्ज पर इसमें 34 दुकानें हैं। शहर का यह पहला फूड झोन है जिसे करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसके शुरू होते व्यापार-व्यवसाय का मौका तो मिलेगा ही लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा।
यह नो व्हीकल झोन होगा जिसमें वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। इसके आसपास पार्किंग रहेगी। बच्चों एवं महिलाओं के बैठने के लिए व्यवस्था के साथ ओपन स्पेस भी रहेगा। इंदौर की 56 दुकानों की तर्ज पर ही इसका संचालन किया जाएगा। आपको बता दें कि इसका भूमिपूजन 9 सितंबर 2023 को उच्च शिक्षा मंत्री एवं वर्तमान में सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया था।
एक जगह मिलेगी खानपान की सामग्री
नानाखेड़ा क्षेत्र अब पूर्ण रूप से व्यवसायिक क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है। इसमें फूड झोन का निर्माण होने से शहरवासियों के अलावा देशभर से आने वाले लोगों को एक ही जगह पर कई तरह की खाने-पीने की सामग्री मिल सकेगी। यहां शुद्ध और सात्विक व्यंजन मिलने से पर्यटकों के मन में शहर की छवि भी अच्छी बनेगी।
पांच कैटेगरी में दुकानें
यहां बनी दुकानें जगह के मुताबिक पांच कैटेगरी में बनाई गई हैं। कुछ दुकान 8 बाय 14, कुछ 7 बाय 7 की हैं तो दो दुकानें 8 बाय 14 से बड़ी हंै, इस तरह पांच कैटेगरी में शॉप्स बनी हैं। यहां पहले शराब दुकान संचालित की जाती थी और नगर निगम का सुलभ शौचालय भी था जिसे तोड़कर नया बनाकर दिया जिससे काम में देरी हुई।
चप्पे-चप्पे पर कैमरे, हिंदी-अंग्रेजी में नंबर
नैवेद्य लोक में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि हर गतिविधि को कैद किया जा सके। इसके अलावा स्पीकर भी लगाए गए हैं। दुकानों के आगे जो नंबर डाले गए हैं, उन्हें हिंदी के साथ इंग्लिश में भी लिखा गया है ताकि सभी को पढऩे में आसानी हो।
पत्र लिखकर अनुमति मांगी है…
नैवेद्य लोक बनकर तैयार है, इसका शुभारंभ सीएम के हाथों होना है इसलिए पत्र लिखकर उनकी अनुमति मांगी है। संभवत: गुड़ीपड़वा पर इसका शुभारंभ हो जाएगा। – संदीप सोनी, सीईओ, यूडीए










