घरेलू कलह में पत्नी बनी कातिल, सो रहे पति के सिर पर मारा हथौड़ा

हत्या के बाद मासूम बेटे के साथ उसी कमरे सो गई, पिता ने सुबह झांक कर देखा तो होश उड़ गए
अक्षरविश्व न्यूज उन्हेल। ग्राम बेड़ावन में मंगलवार सुबह बंद मकान में सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में ही पर्दाफाश कर दिया। शराब के नशे में रोज-रोज होने वाली मारपीट और प्रताडऩा से तंग आकर पत्नी ने ही सो रहे पति के सिर पर हथौड़ा मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। हैरत की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी अपने 11 वर्षीय मासूम बेटे के साथ उसी कमरे में सो गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, जिसने पति का अंतिम संस्कार होने से पहले ही अपना जुर्म कबूल कर लिया। ग्राम बेड़ावन में नागराज मंदिर के पीछे रहने वाले अशोक लौहार का बेटा विक्रम लौहार (पेशे से लोहार), बहू माधुरी उर्फ राधिका और 11 साल का पोता सोमवार रात घर में सोए थे। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पिता अशोक ने कुंडी खटखटाई। कोई जवाब न मिलने पर जब उन्होंने खिड़की या झिरी से अंदर झांका, तो अंदर खून फैला हुआ दिखाई दिया।
घबराए पिता ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, तो विक्रम लौहार खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चा वहीं सो रहे थे। किसी बाहरी व्यक्ति के आने के कोई सबूत नहीं मिले, जिससे शक की सुई पत्नी पर टिक गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
रोज के विवाद से थी परेशान
पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो वहां अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे आरोपी राधिका टूट गई और उसने हथौड़ा मारकर पति की हत्या करने की बात कबूल कर ली। देर रात उन्हेल थाने मेें सीएसपी विक्रम अहिरवार और थाना प्रभारी संतोष चौहान ने मीडिया को बताया कि विक्रम और राधिका की शादी को करीब 13 साल हो चुके थे। उनका छठवीं कक्षा में पढऩे वाला एक बेटा है। विक्रम शराब पीने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। सोमवार रात को भी वह नशे में घर लौटा और विवाद करने लगा। रोज-रोज के विवाद से तंग आकर राधिका ने रात में पति के सोने के बाद उसके सिर पर हथौड़े से जोरदार वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।









