डेढ़ लाख लेकर शादी की, पांचवे दिन ही ससुराल मेें रहने से इंकार

जीवाजीगंज पुलिस कर रही जांच

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शादी के पांच दिन बाद ही एक नईनवेली दुल्हन ने ससुराल में रहने से इंकार कर दिया और पुलिस को बुला लिया। ससुराल वाले डेढ़ लाख रुपए देकर शादी करने का दावा कर रहे है और पूरे मामले को शादी के नाम पर धोखाधड़ी बता रहे हैं। अंकपात मार्ग काजीपुरा निवासी सुनील पिता नंदकिशोर मीणा का 3 जून को इंदौर की विनीता शर्मा से चिंतामण गणेश मंदिर पर विवाह हुआ था। शादी के पांच दिन बाद 8 जून को विनीता ने डायल 112 को बुला लिया और उसे ससुराल में जबरन कैद रखने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
सुनील की बहन अनिता मीणा ने बताया कि उन्होंने इंदौर के एक विवाह ब्रोकर मंगलसिंह और राकेश (रवि) के माध्यम से विनीता के साथ रिश्ता डेढ़ लाख रुपए में तय किया था। यह रुपए इनके माध्यम से विनीता की मां सुमन शर्मा निवासी प्रिंस नगर इंदौर को दिए थे। शादी के तीन दिन बाद ही जब विनीता ने यहां से जाने के लिए मां की बीमारी का बहाना बनाया तो हमने मना कर दिया। इस बात पर उसने इंदौर से अपने सहयोगियों को बुलाकर पुलिस में हमारी झूठी शिकायत कर दी।
पहले से शादीशुदा युवती, बच्चे भी हैं
इस मामले मेें सुनील की मां कृष्णा बाई द्वारा पुलिस को सौंपी गई शिकायत में बताया गया कि विवाद के बाद खुद विनीता ने उन्हें बताया कि वो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। कृष्णाबाई ने इसे शादी के नाम पर धोखा बताकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को कहा नहीं रहना चाहती
जीवाजीगंज टीआई प्रतीक शर्मा ने बताया कि विनीता का कहना है कि वो विधवा है और मां के इलाज के लिए रुपए की जरूरत थी, इस कारण रुपए लेकर विवाह किया। लेकिन अब वो ससुरालवालों की हरकत के कारण साथ नहीं रहना चाहती। पुलिस इस मामले में दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई करेगी।









