डॉक्टर्स ने मनाया बालिका का जन्मदिन

By AV NEWS

दुष्कर्म पीडि़ता की हालत में सुधार

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:उज्जैन में दुष्कर्म की शिकार बालिका का इंदौर उपचार जारी है। उसकी हालत में काफी सुधार आया है। गुरुवार को बालिका का जन्मदिन था। हॉस्पिटल स्टाफ,डॉक्टर्स ने बच्ची के परिजनों की उपस्थिति में बर्थडे सेलिब्रेट किया। आईसीयू यूनिट को गुब्बारों और अन्य सामग्री से सजाया गया। इधर उज्जैन घटना के आरोपी को काले कपड़े से मुंह ढक कर न्यायालय में पेश किया गया। जिला न्यायालय ने आरोपी को 8 दिन की न्यायिक हिरासत में पुलिस को सौंपा है।

उज्जैन रेप पीडि़ता अभी भी इंदौर के एमटीएच हॉस्पिटल में भर्ती है। गुरुवार को आईसीयू यूनिट में उसका बर्थ डे मनाया गया। बच्ची को हादसे से उबारने के लिए स्टाफ उसके साथ हंसी-मजाक के साथ उसकी खाने-पीने, कपड़े आदि की पसंद को लेकर बात करते हैं।

पिछले दिनों उसे बातचीत में पता चला कि 5 अक्टूबर को उसका जन्मदिन है। इस पर स्टाफ ने उसे काफी उत्साहित किया और कहा कि इस बार हम उसका जन्मदिन यहीं अच्छे से मनाएंगे। इसके बाद आईसीयू स्टाफ ने आईसीयू यूनिट का गुब्बारे और अन्य सामान से डेकोरेशन किया।

डॉक्टर्स के आने के बाद सभी ने वहां उसका बर्थडे मनाया और केक, चाकलेट, बिस्किट आदि उसे गिफ्ट किए। इस दौरान फोटो-वीडियो पर सख्ती मनाही थी। केस से जुड़े अधिकारी और डॉक्टर्स के मुताबिक बालिका पहले से बेहतर है तथा रिकवरी अच्छी हो रही है। हालांकि अभी भी बालिका को लिक्विड व सेमी सॉलिड लिक्विड डाइट ही दी जा रही है। वह जिस आईसीयू यूनिट में एडमिट है वहां किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री पर अभी भी पाबंदी है। गुरुवार को उसके परिवार को वापस सतना भेज दिया गया है।

दुष्कर्म पीडि़ता के अभी नहीं हुए हैं बयान

अधिकारी के मुताबिक बालिका के अभी धारा 164 के तहत बयान नहीं हुए हैं। इसके लिए डॉक्टर द्वारा जब तक सहमति नहीं जाती, तब तक उसके बयान नहीं लिए जाएंगे। उधर, डॉक्टरों का कहना है कि एक हफ्ते के फॉलो अप के बाद अगर और सुधार हुआ तो उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है। इसके बाद उज्जैन पुलिस उसे सतना पुलिस के सुपुर्द करेगी और फिर उसे परिजन को सौंप दिया जाएगा।

आरोपी की न्यायिक हिरासत बढ़ी

बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महाकाल थाना पुलिस ने गुरूवार को दोपहर में न्यायालय में पेश किया। जिला न्यायालय ने आरोपी को 8 दिन की न्यायिक हिरासत पर सांैपा है। आरोपी के घायल होने के कारण पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका मेडिकल कराया।

उसे एंबूलेंस में लेकर कोर्ट पहुंची थी। पुलिस की गिरफ्त से भागने के प्रयास में घायल आरोपी भरत सोनी को उपचार के लिए इंदौर रैफर किया था। वहीं पिछले सप्ताह शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी भरत सोनी को जिला न्यायालय में पेश किया था।

जहां से न्यायालय ने आरोपी को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद आरोपी के घायल होने के कारण वापस उसे इंदौर में भर्ती कराया था। न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने पर गुरुवार को महाकाल थाना पुलिस ने आरोपी को इंदौर से लाकर पहले जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद जिला न्यायालय में पेश किया था। जिला न्यायालय ने आरोपी को 8 दिन की न्यायिक हिरासत में पुलिस को सौंपा है। न्यायालय ले जाने के दौरान आरोपी का चेहरा काले कपड़े से ढंका हुआ था।

Share This Article