Advertisement

तैयारी सिंहस्थ की… पंवासा में बनेगा प्लेटफॉर्म, अर्थ वर्क के काम में तेजी

600 मीटर लंबा हाईलेवल प्लेटफॉर्म होगा, कवर और रैम्प के साथ एफओबी भी बनेगा

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत रेलवे ने भी युद्धस्तर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सिंहस्थ पर्व के दौरान रेलवे द्वारा देशभर से करीब 7800 ट्रेनों का संचालन किया जाएगा जिसके लिए रेलवे स्टेशनों पर एफओबी, होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म का विस्तार सहित कई अन्य काम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंवासा में प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। 600 मीटर लंबे स्थायी हाई लेवल प्लेटफॉर्म के लिए फिलहाल अर्थ वर्क चल रहा है। इसके अलावा यहां कवर और रैम्स के साथ एफओबी (फुट ओवरब्रिज) भी बनाया जाएगा ताकि यात्री एक ओर से दूसरी ओर आ सकें।

दरअसल, प्रयागराज में लगे महाकुंभ में करीब 65 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान ३० करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और रेलवे द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां कर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, चिंतामन, विक्रमनगर में फ्लैग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां होल्डिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज सहित अन्य काम तेजी से किए जा रहे हैं। इन सभी कामों को वर्ष 2027 में खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।

Advertisement

भीड़ नियंत्रण के लिए जरूरी
सिंहस्थ के दौरान भोपाल ट्रैक की ओर से आने वाली ट्रेनों को पंवासा, पिंगलेश्वर स्टेशनों पर रोकने की योजना है ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इसके लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। मुख्य स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए इन्हें सैटेलाइट स्टेशन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र में लाया जाएगा।

काम पर अफसरों की नजर
सिंहस्थ के लिए रेलवे द्वारा उज्जैन और उसके आसपास जो काम किए जा रहे हैं उसकी अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। पिछले दिनों पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) रामाश्रय पांडे सिंहस्थ से जुड़े कामों की समीक्षा करने के लिए उज्जैन पहुंचे थे। यहां उन्होंने उज्जैन रेलवे स्टेशन सहित नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, पंवासा, चिंतामन, विक्रमनगर आदि रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया था।

Advertisement

इनका कहना

सिंहस्थ के लिए रेलवे अपनी तैयारियों में जुटा है। पंवासा पर प्लेटफॉर्म का काम चल रहा है। यहां कवर और रैम्प के साथ एफओबी भी बनाया जाएगा।
मुकेश कुमार, पीआरओ, पश्चिम रेलवे

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें