पताशी कारोबारी का फिल्मी अंदाज में अपहरण, आरोपी आज होंगे पेश

समधी ने ही रची थी साजिश दो साल पहले बेटे ने की थी आरोपी की बेटी से लव मैरिज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भाटपचलाना थाना क्षेत्र के सुंदराबाद फंटे पर रविवार शाम सनसनीखेज वारदात हुई। पानी-पताशे का ठेला लगाने वाले एक युवक के साथ ईको कार सवार चार लोगों ने पहले मारपीट की और फिर दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से महज एक घंटे के भीतर चारों आरोपियों को 10 किलोमीटर दूर घेराबंदी कर दबोच लिया गया। जांच में मामला रंजिश और प्रेम प्रसंग से जुड़ा निकला। पुलिस के अनुसार मूलत: भिंड निवासी विजय सिंह कुशवाह बालोदा लक्खा में पानी-पताशे का कारोबार करता है। रविवार शाम 5 बजे ईको कार (एमपी 09 जेडएल 5301) में आए चार लोगों ने विजय के साथ मारपीट की और उसे खींच कर कार में ले गए। अपहरणकर्ता उससे 2 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे। आज आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जाखाखेड़ी पुलिया पर दबोचे आरोपियों से बरामद हुआ चाकू
अपहरण की खबर मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई। तत्काल थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह चौधरी ने डायल 112 और थाना वाहन से दो टीमें भेजकर कार का पीछा शुरू किया। करीब 10 किलोमीटर तक चले सस्पेंस के बाद पुलिस ने जाखाखेड़ी पुलिया पर कार को घेर लिया। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कार से विजयसिंह को सुरक्षित मुक्त करवाया। बाद में कार और चाकू भी जब्त किया गया।
प्रेम प्रसंग और पारिवारिक रंजिश का एंगल
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। यह वारदात महज फिरौती के लिए नहीं, बल्कि दो साल पुरानी रंजिश का नतीजा थी। दरअसल, फरियादी विजय सिंह के बेटे ने आरोपी राघवेंद्र की बेटी के साथ दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। राघवेंद्र इस रिश्ते से नाराज था। उसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही समधी का अपहरण कर लिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते महज एक घंटे के अंदर ही सभी आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया गया।
इन आरोपियों को करेंगे पेश
राघवेंद्र पिता मुन्नीलाल कुशवाह (मुख्य आरोपी और समधी), प्रहलाद पिता मदनलाल खेरवाल, रणजीत पिता राधेश्याम डोडिया (तीनों निवासी बडनगर), सुनील पिता इंदुसिंह सोलंकी (निवासी ग्राम जाफला)। इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 140 (2) के तहत पुलिस ने केस दर्ज किया है। इन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।










