Advertisement

पता पूछा, पानी पिलाया और जेवर उतरवा लिए

जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे समाजसेवी गोपाल बागरवाल की पत्नी के साथ ठगी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe

Advertisement

उज्जैन। ढांचाभवन के नजदीक जीरो पाइंट ब्रिज रोड के पास घूम रही एक महिला के साथ शुक्रवार शाम अजीब तरीके से ठगी हो गई। तीन युवकों में से एक ने महिला से पहले डॉक्टर का पता पूछा और फिर दूसरे ने गंगाजी का हवाला देकर पानी पिलाया और सम्मोहित कर गहने निकलवा लिए। महिला रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चिमनगंज मंडी थाने और देवासगेट थाने के बीच भटकती रही। इस मामले में अभी प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।

ठगी की यह घटना समाजसेवी गोपाल बागरवाल की पत्नी राजूदेवी के साथ हुई। वे रोजाना परिवार के बच्चों के साथ ओवरब्रिज के पास स्थित हद्येश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने जाती है। शुक्रवार शाम बच्चे घर पर नहीं थे लिहाजा वे अकेले ही दर्शन करने के लिए घर से निकली थी। ढांचा भवन तिराहे पर बाइक से आए दो युवको ने उन्हें रोका, रोककर पानी मांगा। राजू देवी ने इनसे कहा कि मेरे पास पानी नहीं है, मैं 10 रुपए दे देती हूं..आप सामने से बोतल खरीदकर पानी पी लो। दो में से एक युवक पानी की बोतल लेने चला गया। दूसरा उनसे बातें करने लगा। उसने राजूदेवी से कहा-हमें तंत्र शक्तियों का ज्ञान है।

Advertisement

हमें आभास हो रहा है कि आपके बच्चों पर घात है। आपके गहनों पर काल सवार है। इन्हें उतारकर रख दीजिए। इसी बीच एक और अन्य युवक आ गया। उसने दूसरे से कहा- भैय्या हम भी परेशान हैं..हमें भी उपाय बताओ। इस तरह इन बदमाशों ने महज चंद ही मिनट में बातचीत से ऐसा माहौल बनाया कि राजू देवी को उनपर भरोसा हो गया। उन्होंने कान के टॉप्स व चेन उतारकर बदमाश के हाथ में दे दी। उसने रूमाल मे इन्हे लपेटा और राजू देवी से कहा कि आप इसे घर ले जाकर रख दीजिए।

इसी बीच एक युवक ने गंगाजी का हवाला देकर बोतल का पानी पिलाया और इसके बाद उन्हें ध्यान नहीं रहा। ठग गए गहनों की कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपए है। थोड़ी देर बाद जब राजू देवी को होश आया तो उन्होंने युवकों को बाइक से दूर जाते देखा, वह जैसे-तैसे घर पहुंचीं और पुत्री अनिता को घटना की जानकारी दी।

Advertisement

बंद मिले कैमरे
ढांचा भवन तिराहे पर जिस जगह यह वारदात हुई, वहां तीन कैमरे लगे हैं। चिमनगंज थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो पता चला घटनास्थल देवासगेट थाना क्षेत्र में है। देवासगेट थाने ने चैक किया तो घटनास्थल के कैमरे बंद मिले।

इनका कहना
देवासगेट और चिमनगंज थाने की टीमें जांच में जुटी हंै। घटनास्थल और उसके आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे हैं। कुछ कैमरे बंद भी मिले हैं। फिलहाल बीमा चौराहे पर लगे कैमरे चैक किए जा रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर घटना को अंजाम देने वाले दो व्यक्ति बताए जा रहे हैं।
राधेश्याम आवंलिया
एसआई, थाना देवासगेट

Related Articles

Write a review