पति ने पत्नी को खिलाई सल्फास, मौत; पति व सास-ससुर को जेल भेजा

उज्जैन। भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बरथून में पति ने पत्नी को जहर खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका ने दम तोडऩे से पहले मजिस्ट्रेट को दिए बयानों में खौफनाक साजिश का खुलासा किया था।
2 जून को बरथून की प्रिया बैरागी को अस्पताल में भर्ती कराया था। 5 जून को उसकी मौत हो गई थी। मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 में दिए बयान में प्रिया ने बताया कि था कि पति बालकदास बैरागी ने उसके साथ मारपीट की और सल्फास की गोली खिला दी। मायके पक्ष ने बताया कि शादी के बाद से बालकदास, सास राजूबाई और ससुर प्रहलाददास उसे लगातार प्रताडि़त कर रहे थे। बालकदास के खिलाफ पूर्व में भी बेरहमी से मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। दोनों के रिश्तों में इतनी कड़वाहट आ चुकी थी कि अलगाव और कोर्ट में तलाक जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि, बाद में समझौता हो गया था।
एक साल से लापता नाबालिग पचोर में मिली, साथ ले गया युवक गिरफ्तार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पंवासा थाना क्षेत्र के ग्राम गलपुरा से करीब एक साल पहले लापता नाबालिग पुलिस को पचोर रेलवे स्टेशन पर मिली। नाबालिग को शादी का झांसा देकर ले जाने वाले आरोपी को अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता 15 दिन पहले ही मां के साथ गलपुरा में रिश्तेदार के यहां आई थी। 21 फरवरी 2025 की रात वह अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद परिजनों ने पंवासा थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने (अपहरण) का मामला दर्ज कराया था। हाल ही में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त नाबालिग पचोर स्टेशन पर एक युवक के साथ देखी गई है। पुलिस ने पचोर पहुंचकर उसे दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने आरोपी सागर उर्फ रामसागर (23), गोपालपुर (थाना सारंगपुर) को हिरासत में लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, वहीं नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
1 लाख की ड्रग्स के साथ देवास-उज्जैन के दो सप्लायर गिरफ्तार
उज्जैन। नरवर पुलिस ने देवास रोड से दो आरोपियों से १ लाख कीमत की एमडी ड्रग्स जब्त की है। पालखंदा टोल प्लाजा पर नाकेबंदी के दौरान दो आरोपी सोहेल (26), पिता इलियास, निवासी बांगर (देवास) और मदिन (30) पिता हाफिज, बेगमबाग (उज्जैन) को बाइक पर एमडी ड्रग्स के साथ बुधवार को पकड़ा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स देवास में किससे खरीदकर लाए थे और उज्जैन में किसे सप्लाई करने जा रहे थे। कार्रवाई से महज 24 घंटे पहले ही चिमनगंज मंडी पुलिस ने बिहार और नागपुर के दो तस्करों को 15 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था।









