पहले सम्राट विक्रमादित्य को किया नमन, फिर अभ्यर्थियों को प्रदान की उपाधियां-गोल्ड मेडल

सम्राट विक्रमादित्य विवि का 30वां दीक्षांत समारोह , सीएम ने की राज्यपाल की अगवानी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का 30वें दीक्षांत समारोह की शुरुआत मंगलवार सुबह 11 बजे विवि परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागृह में हुई। अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने की। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहे। पहले अतिथियों ने विवि परिसर में स्थित सम्राट विक्रमादित्य की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और फिर मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।
राज्यपाल एवं सीएम की अगवानी के लिए पूरे परिसर में रेड कारपेट बिछाया गया था। इससे पहले सर्किट हाउस में सीएम डॉ. यादव ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनकी अगवानी की। अन्य अतिथियों के रूप में उज्जैन उत्तर के विधायक डॉ. अनिल जैन कालूहेड़ा और नगर निगम सभापति कलावती यादव भी उपस्थित रहीं। इस दौरान राज्यपाल मंगूभाई पटेल और सीएम डॉ. मोहन यादव का स्वागत पारिजात का पौधा भेंटकर किया गया।

समारोह में पीएचडी उपाधि धारकों को डिग्रियां एवं स्नातक व स्नातकोत्तर में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। कुल १७८ विद्यार्थियों को उपाधियां और गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। इस दौरान सभी पात्र अभ्यर्थी निर्धारित वेशभूषा में शामिल हुए। समारोह में 74 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधियां, एक अभ्यर्थी को डी.लिट् की उपाधि प्रदान की गई, जबकि स्नातक एवं स्नातकोत्तर की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत 103 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए।
मालवी पगड़ी पहनी

दीक्षांत समारोह में पहुंचे राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवा रंग की मालवी पगड़ी पहनी थी। इसके अलावा विधायक, नगर निगम सभापति, कुलगुरु, कुलसचिव ने भी इसी रंग की पगड़ी पहनी, जबकि अभ्यर्थियों ने अपनी निर्धारित वेशभूषा के साथ पीले रंग की पगड़ी पहनी।

गीता भवन का भूमिपूजन किया
दीक्षांत के बाद सीएम डॉ. यादव शिप्रा विहार वाणिज्यिक परिसर के सामने त्रिवेणी विहार योजना स्थल पर 77 करोड़ रुपए से बनने वाले गीता भवन का भूमिपूजन किया। यह भवन एक लाख वर्गफीट में होगा जिसमें सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियां हो सकेंगी। इस परियोजना अंतर्गत गीता भवन परिसर में ऑडिटोरियम 12700 वर्गफीट, ई-लाइब्रेरी का 3600 वर्गफीट में निर्माण कार्य किया जाएगा। सीएम ने शहर को 700 करोड़ रु. से अधिक के कार्यों की सौगात दी है।
View this post on Instagram









