पुल पर लावारिस मिली अर्टिगा, नदी में पुलिस कर रही ड्राइवर की तलाश

उज्जैन। ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के नजदीक शिप्रा नदी के पुल पर से सोमवार की शाम एक अर्टिगा गाड़ी को लावारिस हालत में पुलिस ने जब्त किया है। गाड़ी में ड्राइवर का पर्स, मोबाइल, जूते रखे हुए थे। आशंका है कि उसने नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसी आशंका के चलते सोमवार शाम को और मंगलवार सुबह भी शिप्रा नदी में सर्चिंग अभियान चलाया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
सोमवार की शाम तिलकेश्वर बस्ती में रहने वाले एक शख्स ने जीवाजीगंज पुलिस को जानकारी दी कि उसकी अर्टिगा गाड़ी नदारद है। गाड़ी उसने मोहन नगर में रहने वाले ड्राइवर अनिल पिता आनंद सोलंकी उम्र 27 साल के सुपूर्द की थी। बुकिंग पर गाड़ी नहीं पहुंची तो जीपीएस के जरिए उसकी तलाश की। गाड़ी ऋणमुक्तेश्वर ब्रिज के पास लावारिस हालत में खड़ी थी।
गाड़ी में ही ड्राइवर अनिल सोलंकी का मोबाइल और जूते पड़े हुए थे। इसी आधार पर आशंका बनी कि अनिल ने नदी में छलांग लगा दी है। पुलिस ने अनिल की पत्नी से भी फोन पर बात की।
पता चला कि पत्नी 3 साल से उससे अलग रह रही है। उसने पुलिस को बताया कि अनिल पूरी रात फोन पर उसके साथ झगड़ा करता रहा। सोमवार शाम को ही अनिल के परिजनों ने चिमनगंज थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। मंगलवार दोपहर तक एनडीआरएफ की टीम ऋणमुक्तेश्वर ब्रिज के नीचे उसकी तलाश करती रही लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।









