नशे की लत में लूट, 3 नाबालिग गिरफ्तार

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट कर 20 हजार रूपए लूटने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, इनका एक साथी फिलहाल फरार है। उक्त चारों ही नाबालिग है और नशे की लत के चक्कर में इन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

न्यू इंदिरा नगर निवासी रमेशचंद्र पिता गेंदालाल जैन उम्र 62 साल की राजेंद्र नगर में रेस्टोरेट है। चार दिन पहले रात के वक्त चार अज्ञात युवक यहां पहुंचे और सिगरेट खरीदने के बहाने कुछ देर रूके रहे। यहीं मौका देखकर चारों ने रमेशचंद्र जैन का मूंह दबाया, उनके साथ मारपीट की और गल्ले में रखे 20 हजार रूपए लूटकर भाग निकले।
इस घटनाक्रम के बाद नीलगंगा पुलिस ने पूरे इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। चारों संजय नगर, टेड़ी खजुर के पास और न्यू अशोक नगर के रहने वाले है। चारों ही नाबालिग है और दिनभर आवारा घूमते रहने के अलावा नशे के आदी है। पुलिस की टीम ने सोमवार देर रात तक इनमें से तीन को हिरासत में ले लिया था जबकि इनका एक साथी फरार है।
दवा छिडक़ाव के बाद तबीयत बिगड़ी, मौत
उज्जैन। पंवासा में रहने वाले 55 साल उम्र के एक शख्स की सोमवार रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। उक्त शख्स एक किसान के यहां मजदूरी करता था और देर रात ही खेत में कीटनाशक दवा का छिडक़ाव कर वापस घर लौटा था। मृतक का नाम राजेश पिता उदयलाल बैतवाल है। देर रात खेत से वापस लौटने के बाद घर पर उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां उपचार के दौरान राजेश ने दम तोड़ दिया। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए मंगलवार सुबह राजेश बैतवाल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पंवासा पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।









