पेट्रोल कार छोड़ने का बना रहे हैं प्लान? ये EVs दिलाएंगी हर महीने बड़ी बचत

पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बढ़ती जागरूकता के बीच इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग तेजी से बढ़ रही है। कम रनिंग कॉस्ट, बेहतर रेंज और आधुनिक फीचर्स की वजह से अब बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक पेट्रोल स्कूटरों की जगह इलेक्ट्रिक विकल्प चुन रहे हैं।
अगर आप भी इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार में कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो लंबी रेंज, मजबूत सर्विस नेटवर्क और कम रखरखाव लागत के साथ आते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जानते हैं कुछ ऐसे इलेक्ट्रिक स्कूटरों के बारे में, जो आपकी जेब और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
TVS iQube: भरोसे और परफॉर्मेंस का शानदार मेल
इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में TVS iQube सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक माना जाता है। दिल्ली में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 1.16 लाख रुपये है, जबकि सब्सिडी और अन्य लाभों के बाद इसकी ऑन-रोड कीमत कुछ बाजारों में लगभग 1.08 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
स्कूटर का बेस वेरिएंट 94 किलोमीटर तक की रेंज देता है, जबकि टॉप मॉडल एक बार चार्ज करने पर 212 किलोमीटर (IDC) तक चलने का दावा करता है। इसमें 5.9 hp मोटर दी गई है, जो 82 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड हासिल कर सकती है। यह स्कूटर केवल 4.2 सेकंड में 0 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है।
IP67 रेटिंग वाली बैटरी के साथ 3 साल या 50,000 किलोमीटर तक की वारंटी मिलती है। इसकी अनुमानित रनिंग कॉस्ट करीब 18 पैसे प्रति किलोमीटर है। देशभर में 8 लाख से अधिक iQube स्कूटर बिक्री का आंकड़ा पार कर चुके हैं और TVS का 2,800 से ज्यादा डीलर नेटवर्क इसकी बड़ी ताकत माना जाता है।
Bajaj Chetak: क्लासिक लुक के साथ आधुनिक इलेक्ट्रिक तकनीक
अगर आप मजबूत बिल्ड क्वालिटी और भरोसेमंद ब्रांड की तलाश में हैं, तो Bajaj Chetak एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 91,500 रुपये से शुरू होती है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत लगभग 1.39 लाख रुपये तक जाती है।
यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 113 किलोमीटर से 153 किलोमीटर तक की रेंज उपलब्ध कराता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी ऑल-मेटल बॉडी है, जो इसे बाजार के कई अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटरों से अलग बनाती है।
बैटरी को IP67 प्रोटेक्शन दिया गया है और 50,000 किलोमीटर तक की वारंटी भी मिलती है। सामान्य तौर पर इसका वार्षिक मेंटेनेंस खर्च 2,000 से 3,000 रुपये के बीच रहता है। मई 2026 तक चेतक की 7 लाख से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं।
Ather Rizta: फैमिली यूजर्स के लिए बेहतरीन विकल्प
Ather Rizta को खासतौर पर परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह स्कूटर 2.9 kWh और 3.7 kWh बैटरी पैक विकल्पों में उपलब्ध है, जो क्रमशः 123 किलोमीटर और 159 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करते हैं।
इसमें 5.76 hp PMSM मोटर दी गई है और इसकी अधिकतम गति 80 किमी प्रति घंटा है। स्टोरेज के मामले में भी यह काफी बेहतर है। इसमें 34 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज मिलता है, जबकि अतिरिक्त फ्रंक के साथ कुल स्टोरेज क्षमता 56 लीटर तक पहुंच जाती है।
Ather का सर्विस और एक्सपीरियंस नेटवर्क भी तेजी से विस्तार कर रहा है और देशभर में 700 से अधिक एक्सपीरियंस सेंटर उपलब्ध हैं।
इलेक्ट्रिक स्कूटर से हर महीने कितनी हो सकती है बचत?
इलेक्ट्रिक स्कूटरों की सबसे बड़ी खासियत उनकी बेहद कम रनिंग कॉस्ट है। पेट्रोल स्कूटरों में जहां ईंधन के अलावा इंजन ऑयल, स्पार्क प्लग, एयर फिल्टर और नियमित सर्विसिंग पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है, वहीं इलेक्ट्रिक स्कूटरों में ये खर्च काफी हद तक कम हो जाते हैं।
उदाहरण के तौर पर, यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन लगभग 40 किलोमीटर की यात्रा करता है, तो पेट्रोल स्कूटर पर उसका मासिक ईंधन खर्च 2,500 से 3,000 रुपये तक पहुंच सकता है। वहीं इलेक्ट्रिक स्कूटर के मामले में चार्जिंग का खर्च आमतौर पर 500 से 700 रुपये प्रति माह के बीच रह सकता है।
यही वजह है कि लंबे समय में इलेक्ट्रिक स्कूटर न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प साबित होते हैं, बल्कि उपयोगकर्ताओं की जेब पर पड़ने वाले खर्च को भी काफी हद तक कम कर सकते हैं।









