फ्रीगंज ओवरब्रिज का टेंडर जल्द, रोप वे में रेलवे की हरी झंडी का इंतजार

By AV NEWS

50 करोड़ का टेंडर लगेगा ऑनलाइन, 47 करोड़ से होगा जमीन अधिग्रहण

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:फ्रीगंज ओवरब्रिज के समानांतर नया ओवरब्रिज बनाने की तैयारी तेज हो गई है।अगले हफ्ते इसका टेंडर ऑनलाइन जारी किया जा सकता है। दूसरी ओर रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर के लिए रोप वे की योजना पर प्रशासन को अभी रेलवे से हरी झंडी नहीं मिल सकी है।

लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग ने फ्रीगंज में नया ब्रिज बनाने की तैयारी कर ली है। मुख्यालय ने टेंडर के मसौदे को स्वीकृति दे दी है। सिविल वर्क के लिए 50 करोड़ रुपए का टेंडर ऑनलाइन लगाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार 9 जनवरी को टेंडर जारी किया जा सकता है। जमीन अधिग्रहण का काम 47 करोड़ रुपयों से होगा। जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई प्रशासन स्तर पर होगी।

इसके लिए विभागीय स्तर पर एसडीएम को पत्र भेजे जा चुके हैं। विधानसभा चुनाव से पहले ब्रिज निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा 91 करोड़ 76 लाख और 92 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी जा चुकी है। ब्रिज चामुंडा माता चौराहे से महापौर बंगले के सामने तक बनेगा। इसमें दोनों और पहुंच मार्ग की 100 मीटर की सड़क भी बनाई जाएगी। ब्रिज की कुल लंबाई 368.5 मीटर होगी।

पिछले सिंहस्थ से चल रही कवायद, इस बार होगी पूरी

यह ब्रिज शहर की लाइफलाइन माना जाता है। वर्तमान ब्रिज 1960 में बनाया गया था। आबादी के मान से यह काफी संकरा पडऩे लगा है। इसके समानांतर नए ब्रिज बनाने की मांग वर्ष 2004 के सिंहस्थ के वक्त उठी थी। पिछले बजट सत्र में मुख्यमंत्री के समक्ष फ्रीगंज पुल के समानांतर पुल बनाने का प्रस्ताव रखा था। इस परियोजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग कार्यालय, वेयरहाउसिंग का गोडाउन, उसके पीछे बने कुछ मकान और सख्याराजे धर्मशाला की जमीन का भू अर्जन भी होगा। इस नए पुल के बनने से शहरवासियों को टॉवर चौक का पूरा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा तथा यातायात की समस्या का भी निराकरण होगा।

सीएम डॉ. यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट

फ्रीगंज ओवरब्रिज के समानांतर नया ओवरब्रिज बनाने का प्रोजेक्ट सीएम डॉ. मोहन यादव का है। वे लंबे समय से इसे बनाने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले सिंहस्थ में भी उन्होंने इसके लिए प्रयास किए थे। उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने ब्रिज निर्माण पर ताकत लगाई। अब सीएम बनने से उनका ड्रीम प्रोजेक्ट सिंहस्थ 2028 से पहले पूरा होगा।

जल्द लगाएंगे टेंडर

फ्रीगंज ओवरब्रिज के लिए टेंडर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही टेंडर लगा दिया जाएगा ताकि एजेंसी निर्धारित हो सके।-कुलदीप सिंह, कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग उज्जैन

रोप वे के लिए टेंडर लगा, रेलवे की मंजूरी का अड़ंगा

रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक जाने के लिए केंद्र की योजना के तहत रोप वे बनाने की योजना प्रस्तावित है। रूद्रसागर के सामने नूतन स्कूल के पास इसका दूसरा सिरा होगा। इसी जगह रूद्रसागर पर आर्च ब्रिज भी बनाया जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार रेलवे से इस योजना के लिए अनापत्ति मिलना बाकी है। इसके लिए भी उच्च स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया रविवार को प्रसादम के लोकार्पण में आएंगे। इस दौरान इसको लेकर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि एनएचएआई द्वारा इसका टेंडर नए सिरे से लगाया जा चुका है।

Share This Article