भस्म आरती में भगवान महाकाल के श्रीराम स्वरूप के दर्शन, पुष्प वर्षा और आतिशबाजी

रामलला के लिए उज्जैन हुआ राममय… मंदिरों में राम नाम की धुन, गली-चौराहे सजे

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

advertisement

महाकालेश्वर और श्रीराम के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरा शहर राममय हो गया है। शहर के तमाम मंदिरों में राम नाम की धुन की गूंज थी। गली-चौराहे की आकर्षक साज-सज्जा की गई। भस्म आरती में भगवान महाकाल के श्रीराम स्वरूप के दर्शन हुए। पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के बीच मंदिर परिसर भगवान महाकालेश्वर और श्रीराम के जयकारों से गूंजा उठा।

advertisement

इस बीच, भक्त महाकाल मंदिर भगवान शिव के साथ जय श्री राम के जयकारे भी लगा रहे हैं। श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए सोमवार को गली-गली मंदिर-मंदिर में राम नाम गूंज रहा था। सुबह से कहीं यात्रा की निकाली तो कहीं दीप जगमगाने लगे थे। मंदिरों और धर्मशालाओं में प्रसादी बनाई गई थी। हार-फूलों से मंदिरों में देव प्रतिमाओं का शृंगार किया गया। कई मंदिरों में फूल बंगले बनाए गए। अनेक स्थानों पर राम मंदिर की प्रतिकृति तैयार की गई। हर बाजार रोशनी, केसरिया ध्वजा से सज-संवरकर तैयार थे। मंदिरों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड से लेकर मोहल्लों में श्रीराम कथा का आयोजन हो रहा है। बैंड-बाजे, ढोल-ढोलक, झांझ-मंजीरों के साथ प्रभातफेरियां निकाली गई।

advertisement

6 टन हलवे का लगाया भोग

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर सोमवार को उज्जैन में महाकालेश्वर को 6 टन हलवे का भोग लगाया। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि सुबह महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती में पुष्प वर्षा की गई। दोपहर को नंदी हॉल में महाआरती की गई। हलवा प्रसाद के रूप में दोपहर में महाआरती के बाद भक्तों में वितरित किया। एक दिन पहले ही रविवार को हलवा तैयार कर लिया था। अन्न क्षेत्र के मिलिंद वैद्य ने बताया कि 6 टन हलवे को करीब 10 लोगों की टीम ने 11 घंटे में बनाया। इसे हाईटेक मशीन द्वारा अन्न क्षेत्र में तैयार किया गया।

बर्तन बाजार में 10% की विशेष छूट

बर्तन व्यापारी एवं निर्माता संघ द्वारा सोमवार को बर्तन बाजार में लाइटिंग की गई है। साथ ही आकर्षक मंच बनाकर प्रभु श्रीराम की महाआरती की जाएगी। इस मौके पर बर्तन खरीदार के लिए ग्राहकों को खरीदी करने पर 10 प्रतिशत की
विशेष छूट दी जाएगी।

महाकाल मंदिर में दिखा उत्साह

श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्साह महाकाल मंदिर में भी है। भस्म आरती में भगवान महाकाल का शृंगार श्रीराम के स्वरूप में किया गया। इस दौरान प्रभु श्रीराम, जानकी और लक्ष्मण जी की प्रतिमा को महाकाल के गर्भगृह में विराजित कर आतिशबाजी की गई। मंदिर समिति ने भगवान महाकाल और प्रभु राम के साथ भक्तों पर पुष्प वर्षा की। महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को तड़के भस्म आरती के दौरान चार बजे मंदिर के पट खुले। पंडे-पुजारी ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। भगवान राम का भी पूजन अभिषेक किया गया। प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर शृंगार किया गया। भगवान महाकाल का राजा रामचंद्र के स्वरूप में शृंगार किया गया।

अयोध्या की तरह नगर को सजाया

महाकाल की नगरी को भी अयोध्या की तरह सजाया गया है। महाकाल के साथ राममय नजारा दिखाई दे रहा है। लखेरवाड़ी क्षेत्र भगवा ध्वजों से पटा है। चामुंडा माता मंदिर चौराहा, फ्रीगंज, गोपाल मंदिर महाकाल के आसपास के क्षेत्र में सजावट की गई है।

Related Articles

close