भारत जोड़ो यात्रा: राहुल की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता

भारत जोड़ो यात्रा: राहुल की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
टीम के साथ सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस जुटी प्लॉन बनाने में
उज्जैन।भारत जोड़ो यात्रा लेकर आ रहें कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
राहुल उज्जैन शहर में वाहन में रहने वाले है,इसे ध्यान में रखकर उनके पड़ाव,विश्राम स्थल सभा स्थल और महाकाल मंदिर में सुरक्षा के चाकचौबंध इंतजाम किए जा रहे है। इसके लिए राहुल की सुरक्षा टीम के साथ सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस प्लॉन बनाने में जुटी हैं।
भारत जोड़ो यात्रा लेकर 29 नवंबर को उज्जैन पहुंच रहे राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर विशेष ख्याल रखा जा रहा है। शनिवार को सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) ने प्रशासन व पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा के पड़ाव और सभा स्थल का जायजा लिया। सुरक्षा एजेंसी टीम ने सुरासा व निनोरा में भी व्यवस्थाएं देखी। सामाजिक न्याय परिसर के बाद सुरक्षा एजेंसी की टीम ग्राम सुरासा पहुंची।
सुरासा में गुरु सांदीपनि इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज में यात्रा का रात्रि विश्राम हैं। यहां टीम ने सुरक्षा के लिहाज से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की व व्यवस्थाओं को तय किया।
सुरक्षा एजेंसी व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम निनोरा भी पहुंची। यहां के यथार्थ फ्यूचरिस्टिक एकेडमी में निरीक्षण किया। इस एकेडमी में राहुल गांधी व उनके सह यात्री 29 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे चाय-नाश्ता करने के लिए रूकेंगे। एकेडमी के संचालक व कांग्रेसी नेता सोनू शर्मा से टीम ने चर्चा की व जानकारी ली।
जिलेभर के विभिन्न थानों की पुलिस अपने-अपने यहां के होटल के अमले व किराएदारों की पड़ताल कर इनकी जानकारी जुटा रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया। टीम के सदस्यों ने पूरे सभा स्थल, मंच व आसपास में चेकिंग की।
सभा स्थल को 30 सेक्टर में बांटा जाकर उसी के हिसाब से कुर्सियां जमाई जाएंगी।
बिना अपॉइंटमेंट के नहीं मिल सकेगा कोई भी
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को उज्जैन पहुंच जाएगी। सुरसा में राहुल गांधी का नाइट स्टे रहेगा। इस नाइट स्टे को पुलिस ने तगड़ी प्लानिंग की है। यहां एक हिस्सा पूरी तरह से राहुल गांधी के लिए रहेगा। पुलिस की बैरिकेडिंग भी रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति उस तरफ ना जा सके।
इसके साथ ही राहुल गांधी की पूरी टीम भी रहेगी। खास बात यह है कि बिना परमिशन और अपॉइंटमेंट के कोई भी राहुल गांधी से नहीं मिल सकेगा। यहां पर थ्री लेयर व्यवस्था की गई है। इसमें एक लेयर में राहुल गांधी के रुकने की व्यवस्था की गई है। वहीं दूसरी तरफ भारत जोड़ो यात्रा के साथ चल रहे यात्रियों को रुकने की तो थर्ड लेयर में उनके खाने की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि यहां राहुल गांधी की सिक्योरिटी के साथ ही पुलिस बल भी तैनात रहेगा।