मंगल रेसीडेंसी में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़ा, सीसीटीवी में दिखे नकाबपोश बदमाश

चंदेसरी से बकरियां चोरी, फरवरी में अब तक चोरी की 10 से ज्यादा बड़ी वारदातें
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चोरों ने अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। ताजा मामला नागझिरी थाना क्षेत्र की मंगल रेसीडेंसी का है, जहां एक सूने मकान को निशाना बनाकर बदमाश नकदी और कीमती सामान ले गए। घटना के समय मकान मालकिन गरिमा जोशी बच्चों के साथ बडऩगर गई हुई थीं।
मकान में लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। पहले उन्होंने घर की रेकी की। एक बदमाश ने चेहरा ढंक रखा था, जो गेट कूदकर अंदर घुसा और ताला तोड़कर चोरी की। उसके दो साथी बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़े रहे। वारदात के बाद तीनों बदमाश देवास रोड की ओर भाग निकले। पुलिस अब बाइक नंबर के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी वारदातें
चोरों ने केवल शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी दहशत मचा रखी है। नागझिरी के ही ग्राम चंदेसरी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात चोरों ने एक माली परिवार के बाड़े से 3 बकरियां चुरा ली। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात के पीछे पारदी या कंजर गिरोह का हाथ हो सकता है।
फरवरी में वारदातों की झड़ी, महिला चोर भी सक्रिय
आंकड़े बताते हैं कि फरवरी माह के दूसरे सप्ताह से शहर में चोरियां बढ़ गई हैं। अब तक 8 से 10 बड़ी वारदातें सामने आ चुकी हैं।
नानाखेड़ा क्षेत्र- महानंदा नगर और बसंत विहार में बदमाशों के साथ एक युवती भी देखी गई है।
कंठाल चौराहा- यहां हुई वारदात में बदमाशों के साथ महिला के शामिल होने के फुटेज मिले हैं।
सुराग का अभाव- कोतवाली, चिमनगंज और नागझिरी पुलिस फुटेज तो खंगाल रही है, लेकिन अब तक किसी भी गिरोह का ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।










