मनस्विता तिवारी बनीं माधव कॉलेज की ब्रांड एंबेसडर

उज्जैन। माधव कॉलेज ने एक ऐतिहासिक पहल करते हुए अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट मनस्विता तिवारी को अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति राष्ट्रीय टास्क फोर्स मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र सुरक्षा प्रकोष्ठ के अंतर्गत की गई है। इसके साथ ही माधव कॉलेज, मध्य प्रदेश का ऐसा पहला महाविद्यालय बन गया है जिसने किसी अंतरराष्ट्रीय महिला पैरा खिलाड़ी को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जन्म से ही सेरेब्रल पाल्सी जैसी गंभीर शारीरिक चुनौती का सामना करने वाली मनस्विता ने अपनी इच्छाशक्ति से खेलों की दुनिया में लोहा मनवाया है। मनस्विता का माधव कॉलेज से गहरा और भावनात्मक संबंध है। कॉलेज के छात्र संघ प्रभारी डॉ. जफर महमूद ने बताया कि मनस्विता के पिता स्व. डॉ. मनोज तिवारी इसी कॉलेज के वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर थे। अब उनकी बेटी उसी संस्थान की पहचान बनकर विद्यार्थियों को प्रेरित करेगी।
मनस्विता की उपलब्धियां
पैरा तैराकी- वर्ष 2013 से 2024 के बीच कुल 17 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व- 2017 में दुबई (एशियन पैरा यूथ गेम्स) और 2019 में हंगरी (पैरा वल्र्ड चैंपियनशिप) में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
बहुमुखी प्रतिभा- वर्ष 2024 में पैरा ताइक्वांडो में भी एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी खेल विविधता का परिचय दिया।
मनस्विता की संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा हमारे विद्यार्थियों के लिए जीवंत प्रेरणा है। ब्रांड एंबेसडर के रूप में मनस्विता महाविद्यालय में छात्र सशक्तिकरण और विशेष रूप से मानसिक चुनौतियों से जूझ रहे युवाओं के बीच एक रोल मॉडल की भूमिका निभाएंगी। उनकी कहानी छात्रों को विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने की शक्ति देगी।
प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह, प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शा. माधव महाविद्यालय









