ओली महोत्सव में जारी है गुरुदेव विश्वरत्न सागर महाराज के प्रवचन

उज्जैन। श्री ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी ट्रस्ट खाराकुआं के तत्वावधान में आयोजित नवपद ओली आराधना महोत्सव के झालरिया मठ में मनाया जा रहा है।

शुक्रवार को गुरुदेव विश्वरत्न सागर महाराज के सान्निध्य में बड़ी संख्या में तपस्वियों ने सामूहिक आराधना की। प्रवचन सभा को संबोधित करते हुए गुरुदेव विश्वरत्न सागर महाराज ने कहा कि नवपद की आराधना मात्र एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि आत्म-शांति का मार्ग है। उन्होंने बताया कि सिद्ध पद की सच्ची आराधना से सभी ग्रह अनुकूल फल देने लगते हैं। इस तप से आराधक के भीतर राग-द्वेष कम होते हैं और क्षमा व शांति का भाव जाग्रत होता है।
तपस्वियों की मनुहार और आयंबिल
ओली महोत्सव के अंतर्गत लाभार्थी परिवार की सुशीला देवी बाबूलाल डोडिया (गांधी) एवं परिजनों ने सभी आराधकों को बड़े भाव से मनुहार कर आयंबिल (एक विशेष जैन तप) करवाया। संयोजक एडवोकेट संजय नाहर, जयंतीभाई, शैलेंद्रभाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री बोले- नवकार मंत्र से होता हूं रिचार्ज
गुरुवार को हुए कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल विशेष रूप से शमिल हुए। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि मैं स्वयं को ऊर्जावान रखने के लिए प्रतिदिन नवकार मंत्र और भक्तांबर का पाठ करता हूं जिससे मुझे आध्यात्मिक शक्ति (रिचार्ज) मिलती है।









