महाकाल लोक में बेसुध मिली MBA की स्टूडेंट

उज्जैन। महाकाल लोक में सुबह पुलिस को एमबीए की छात्रा बेसुध हालत में मिली। पुलिस ने उसे थाने लाकर पूछताछ की और परिजनों को सूचना दी है। अलका दुबे पिता महेन्द्र प्रताप दुबे 21 वर्ष निवासी स्वास्तिक बाग वेस्ट मुंबई एमबीए की छात्रा है। सुबह महाकाल लोक में ड्यूटी कर रहे खाराकुआं थाना प्रभारी को अलका बेसुध हालत में मिली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
वह काफी घबराई हुई थी और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। इस पर अलका को थाना प्रभारी महाकाल थाने लेकर आये। यहां महिला पुलिसकर्मी ने अलका को समझाकर बातचीत शुरू की तो उसने अपना नाम, पता और पिता का मोबाइल नंबर भी बताया हालांकि वह उज्जैन कैसे पहुंची इसके बारे में नहीं बता पाई। पुलिस ने उसके परिजनों को फोन पर सूचना दी है।
लाइटर से युवक का चेहरा झुलसा
उज्जैन। चामुंडा माता की भोजनशाला में सेवा देने वाले युवक का चेहरा झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। सोनू पिता बलवीर 44 साल भोजनशाला से बाहर आकर लाइटर से सिगरेट जला रहा था। तभी उसकी जॉकेट ने आग पकड़ ली। इससे उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया। उसने आठ दिन पहले ही लाइटर खरीदा था। इससे गैस रिसाव भी हो रहा था। संभवतया इसी वजह से सिगरेट जलाते समय भभक गया और जाकेट ने आग पकड़ ली।
जिलाबदर पकड़ाया, रासुका की कार्रवाई
उज्जैन। जिलाबदर के उल्लंघन में पकड़ाए आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने रासुका की कार्रवाई की है। नीलगंगा पुलिस के अनुसार चेतन निवासी विष्णुपुरा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में जिलाबदर की कार्रवाई की गई थी। आरोपी इसके उल्लंघन में पकड़ा गया। उसके खिलाफ कलेक्टर ने रासुका के आदेश दिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
भेरूगढ़ जेल में आजीवन कारावास काट रहे बंदी की मौत
उज्जैन। केन्द्रीय जेल भेरूगढ़ में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी की अज्ञात कारणों के चलते मृत्यु हो गई। जेल एम्बुलेंस से जेलकर्मियों ने शव को पीएम के लिये जिला चिकित्सालय पहुंचाया।जेल से मिली जानकारी के मुताबिक जसवंत 50 वर्ष निवासी धार वर्ष 2014 से हत्या के मामले में केन्द्रीय जेल भेरूगढ़ में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसकी तबियत खराब होने पर जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टर ने जसवंत को मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन द्वारा जसवंत के परिजनों को सूचना दी गई है।
अब सड़क पर पड़ी चायना डोर से ड्रायवर का पैर कटा
उज्जैन। मोटर सायकल से काम पर जा रहे ड्रायवर का पैर चायना डोर में उलझकर कट गया। लोगों ने उसे प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। चायना डोर के उपयोग पर प्रतिबंध के अलावा पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कल शाम बनेसिंह पिता सुंदरसिंह मालवीय 54 वर्ष निवासी राजीव नगर आगर रोड चायना डोर से पैर कटने पर घायल हो गया।
बताया जाता है कि बने सिंह ट्रक चालक है और बाइक से काम पर जा रहा था उसी दौरान पैर में चायना डोर उलझ गई जिससे पैर कट गया। पिछले वर्ष चायना डोर से जीरो पाइंट ब्रिज पर एक छात्रा का गला कटने से उसकी मृत्यु हो चुकी है। जबकि इस वर्ष अब तक एक होमगार्ड सैनिक व बालिका सहित 5 लोग चायना डोर से गंभीर घायल हो चुके हैं।