रंगपंचमी पर गेर स्वागत को तैयार शहर, अफसरों ने परखी व्यवस्थाएं

उज्जैन। आगामी 8 मार्च, रविवार को रंगपंचमी पर शहर की ऐतिहासिक और पारंपरिक नगर गेर का आयोजन नगर निगम द्वारा किया जाएगा। इस आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को नगर निगम उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल ने अधिकारियों की टीम के साथ प्रस्तावित गेर मार्ग का सघन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।उपायुक्त पटेल एवं जनसंपर्क अधिकारी पवन कुमार ने महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर गोपाल मंदिर तक जाने वाले पारंपरिक मार्ग का पैदल भ्रमण किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अधिकारियों को समय सीमा की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि रंगपंचमी से पूर्व सभी तैयारियां अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि नगर गेर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और आमजन शामिल होते हैं, ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि मार्ग पूरी तरह बाधा मुक्त रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
इन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
स्वच्छता- मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सड़क मरम्मत- गेर मार्ग के गड्ढों को तत्काल भरने की हिदायत दी।
सुरक्षा- बिजली के झूलते तारों और अतिक्रमण जैसी बाधाओं को हटाने पर जोर दिया।
पेयजल- श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।










