लेबर बढ़ाएं, काउंटडाउन जरूरी: कलेक्टर

उज्जैन। प्रमुख मार्गों के कायाकल्प और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा बुधवार को सड़कों पर उतरे। अधिकारियों ने नानाखेड़ा से शांति पैलेस व दो तालाब से टैगोर स्क्वॉयर तक चल रहे मार्ग निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने काम की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक तरीका अपनाने के निर्देश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर निर्माण साइट पर एक काउंट डाउन बोर्ड लगाया जाए। इस बोर्ड पर कार्य पूर्ण होने की अंतिम तिथि के साथ-साथ प्रतिदिन हुई प्रगति को दर्ज किया जाए। इससे न केवल अधिकारियों को बल्कि जनता को भी पता चलेगा कि कार्य अपनी निर्धारित समयसीमा में कितना आगे बढ़ा है।
निगम आयुक्त ने ठेकेदारों और संबंधित इंजीनियरों को सख्त हिदायत दी कि निर्माण स्थल पर श्रमिकों (लेबर) की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए। अधिकारियों ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दबाव में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।










