Popup Image
Advertisement

वर्ल्ड लिवर डे विशेष: कहीं आपकी जीवनशैली लिवर पर भारी तो नहीं ?

युवा और बच्चों में तेजी से बढ़ रही फेटी लिवर की समस्या

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हम स्वाद के लिए वह सब कुछ खाते हैं जो मन को पसंद है और अपनी मर्जी से जीवन जीते हैं, लेकिन क्या कभी यह जानने की कोशिश की है कि आपके शरीर के ऊर्जा केंद्र यानी लिवर को क्या पसंद है? वर्तमान स्थिति चिंताजनक है क्योंकि गलत खानपान और खराब दिनचर्या से लोगों में लिवर संबंधी बीमारियां तेजी से पैर पसार रही हैं।

रविवार को वर्ल्ड लिवर डे मनाया जा रहा है जिसकी इस वर्ष की थीम अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर रखी गई है। इस मौके पर फेटी लिवर और दिल की बीमारियों के बारे में प्रसिद्ध डॉ. विजय गर्ग ने बताया कि शहर में फैटी लिवर के मरीजों में युवाओं की संख्या में औसतन 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इसमें शराब से होने वाले और बिना शराब वाले (नॉन-अल्कोहलिक) दोनों तरह के मरीज शामिल हैं। डॉ. गर्ग का कहना है कि पहले यह समस्या 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में होती थी लेकिन अब 35 साल के युवा भी इसके शिकार हो रहे हैं। इसका मुख्य कारण असंतुलित खानपान, अव्यवस्थित दिनचर्या, वाहनों का अत्यधिक उपयोग और शारीरिक मेहनत में आई भारी कमी है।

Advertisement

भारत में स्थिति गंभीर, बच्चों पर भी संकट
भारत में लिवर रोगों की स्थिति और भी विकट होती जा रही है। वयस्कों में इसका प्रसार लगभग 38.6 प्रतिशत है जिसका अर्थ है कि हर 10 में से लगभग 4 लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। सबसे अधिक चिंता की बात बच्चों में बढ़ता संक्रमण है, जहां 35.4 प्रतिशत बच्चे इससे प्रभावित हैं। मोटे बच्चों में यह खतरा 63.4 प्रतिशत तक देखा गया है। वैश् िवक स्तर पर देखें तो लैटिन अमेरिका 44.37 प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर है, जबकि मिडिल ईस्ट और उत्तर अफ्रीका में यह दर 36.53 प्रतिशत है।

चेतावनी : फैटी लिवर है दिल की बीमारी का संकेत

Advertisement

चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि फैटी लिवर दरअसल दिल की बीमारी की एक शुरुआती चेतावनी है। यदि किसी को फैटी लिवर की समस्या है तो उसे तुरंत कार्डियोलॉजिस्ट से मिलकर लिपिड प्रोफाइल, ईसीजी और टीएमटी जैसे टेस्ट करवाने चाहिए। संक्षेप में कहें तो लिवर को स्वस्थ रखकर आप अपने दिल को भी बीमारियों से बचा सकते हैं। शुगर और ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखना भी लिवर की सेहत के लिए अनिवार्य है।

शरीर का सुपर इंजन है लिवर

लिवर शरीर का सबसे बड़ा आंतरिक अंग है जो पसलियों के पीछे सुरक्षित रहकर 500 से अधिक महत्वपूर्ण कार्य करता है

पाचन व डिटॉक्स- वसा को पचाने के लिए पित्त बनाना और खून से जहरीले तत्वों (जैसे अल्कोहल) को बाहर निकालना।

ऊर्जा बैंक- ग्लूकोज को ग्लाइकोजन के रूप में स्टोर करना ताकि जरूरत पडऩे पर शरीर को ऊर्जा मिल सके।

सुरक्षा चक्र- संक्रमण से लडऩे के लिए इम्यूनिटी बढ़ाना और रक्त का थक्का जमाने वाले जरूरी प्रोटीन बनाना।

लिवर को क्या पसंद है?

संतुलित थाली- प्रतिदिन 2-3 फल, ताजी सब्जियां और साबुत अनाज लें। एक्स्ट्रा शुगर और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाएं।

नियमित पसीना बहाएं- रोज 30 मिनट तेज पैदल चलना, साइकलिंग या डांस करें। यह लिवर में वसा जमा होने से रोकता है।

बुरी आदतों को नो- शराब और स्मोकिंग सीधे तौर पर लिवर की कोशिकाओं को छलनी कर देते हैं।

शुगर-बीपी पर लगाम- मधुमेह और उच्च रक्तचाप को कंट्रोल में रखना लिवर के लिए संजीवनी है।

आज का मंत्र- स्वाद के लिए नहीं, सेहत के लिए खाएं। लिवर स्वस्थ रहेगा, तो लंबी उम्र का रास्ता अपने आप खुल जाएगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें