शपथ के 2 दिन बाद ही नगर निगम के निर्णय में नजर आने लगा नई परिषद का असर…

By AV NEWS

पूर्व प्रभारी सहायक आयुक्त निलंबित, दो कर्मचारी बहाल…

उज्जैन।नई नगर सरकार का असर नगर निगम के निर्णय पर आने लगा है। नगर सरकार के शपथ लेने के दूसरे दिन नगर निगम प्रशासन ने तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए है। इसमें लंबे समय से प्रभारी सहायक आयुक्त रहे राजस्व निरीक्षक सुबोध जैन को निलंबित कर गया है। वहीं दो कर्मचारियों मनीष भावसार, अजय तिवारी को को बहाल कर दिया गया है।

निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए है। सुबोध जैन को कुछ समय पूर्व जोन ४ में मूल पद राजस्व निरीक्षक के तौर पर पदस्थ किया गया था। इसके बाद से वे लगातार अवकाश पर थे। अवकाश निरस्त होने जैन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाल देकर अवकाश का आवेदन दिया था। इस पर नगर निगम की ओर से नोटिस भेजकर जैन को मेडिकल बोर्ड के समक्ष जाकर प्रमाण-पत्र देने के निर्देश दिए गए थे।

जैन ने यह नोटिस ही नहीं लिया। इस पर अब निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने उन्हें निलंबित कर दिया है। निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने शनिवार को जैन को निलंबित करने का आदेश दिया। आदेश में लिखा कि सुबोध जैन का मूल पद राजस्व निरीक्षक है, जिनकी आवश्यकता जोन 4 में है। इसके बाद वह अवकाश पर चले गए। ज्वाइन नहीं करने के संबंध में नोटिस दिया तो बीमारी की बात कही।

मेडिकल मांगा तो उपलब्ध नहीं कराया। ऐसे में उनके अवकाश का आवेदन निरस्त कर निलंबित किया जाता है। इसके अलावा निगम आयुक्त के पूर्व प्रभारी निज सहायक मनीष भावसार और निगम कंट्रोल रुम के प्रभारी राजेश तिवारी को काम में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया था। भावसार और तिवारी को उनके मूल पद बहाल किया है, लेकिन दोनों की विभागीय जांच के आदेश दिए गए है।

Share This Article