हड़ताल… मंडी परिसर में पसरा सन्नाटा

By AV NEWS

बाहर से आने वाले किसान हो रहे परेशान आज सुबह भी कई पहुंचे थे

उज्जैन। एक किसान और व्यापारी के बीच हुए विवाद और मारपीट बाद बुधवार से ही आगर रोड स्थित कृषि उपज मंडी में नीलामी बंद हैं। मंडी परिसर में दुकानें बंद होने से परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। हड़ताल की सूचना मिलने से वापस यहां से जा रहे हैं।

ग्राम चिंतामन जवासिया के किसान महेंद्र सिंह के खिलाफ मंगलवार को शांति ट्रेडर्स फर्म के संचालक अभिषेक विनायका ने मंडी थाने में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों पक्षों के बीच अनाज में कचरा और मिट्टी को लेकर विवाद हुआ था। इधर व्यापारियों द्वारा किसान के खिलाफ केस दर्ज कराए जाने से किसान संघ आक्रोशित हो गया।

सैकड़ों किसान चिमनगंज मंडी पहुंचे और कार्रवाई के विरोध में आगर रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक किसानों ने प्रदर्शन किया। मंडी सचिव उमेश शर्मा बसेडिय़ा ने मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया पर सहमति नहीं बन पाई। इसके चलते फल व सब्जी मंडी को छोड़ आगामी सूचना तक अनाज मंडी बंद हैं।

व्यापारी तैयार थे नीलामी के लिए

व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविन्द खंडेलवाल एवं सचिव अनिल गर्ग ने बताया कि बुधवार को मंडी नीलामी के पूर्व जिला प्रशासन मंडी समिति एवं किसान संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई। किसान संघ पुलिस रिपोर्ट वापसी पर अड़ गए। मंडी समिति ने भी अनिश्चितकाल के लिए मंडी बंद कर दी।

Share This Article