हत्या के प्रयास मामले में पुलिस का एक्शन, मुख्य आरोपी सहित 6 पकड़ाए, जुलूस निकाला तो लंगड़ाकर चलते रहे

रंजिश के चलते किया था हमला, 28 मार्च तक रिमांड पर, फरार तीन आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हत्या के प्रयास के मामले में नानाखेड़ा पुलिस ने एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी सहित 6 को गिरफ्तार किया है। तीन फरार हैं जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गुरुवार को पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों का जुलूस निकालकर उनकी सारी हेकड़ी निकाल दी। इस दौरान वह लंगड़ाते हुए चलते रहे। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से 28 मार्च तक रिमांड पर लिया गया है।
नानाखेड़ा पुलिस ने बताया कि 20 मार्च को फरियादी यश पिता योगेश भार्गव (27) निवासी विवि मार्ग ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि आशीष सारवान एवं उसके साथियों ने रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौच कर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। टीआई नरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में बनाई गई विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र एवं संभावित ठिकानों का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए लगातार दबिश दी। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर जानकारी भी जुटाई गई।
भागने से पहले पकड़ाया
एक ओर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी तभी 25 मार्च को मुखबिर ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी आशीष सारवान अपने साथियों के साथ तारामंडल क्षेत्र में खड़ा है एवं कहीं भागने की फिराक में है। तत्काल टीम एक्शन में आई और घेराबंदी कर सारवार को गिरफ्त में ले लिया। पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य साथियों के संबंध में जानकारी मिली जिसके आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार दोपहर इनका जुलूस निकाला गया। इस मामले में पुलिस पहले (22 मार्च) ही महिला आरोपी आकृति सारवान को गिरफ्तार कर चुकी है। वर्तमान में वह जेल में है।
6 को पकड़ा, 3 की तलाश
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम आशीष उर्फ पिंटू पिता अशोक सारवान निवासी न्यू कॉलोनी, दानीगेट, विजय उर्फ टोनी पिता अशोक कुमार जायसवाल निवासी त्रिवेणी हिल्स, इंदौर रोड, राजा उर्फ राजेश पिता रमेश परमार निवासी एकता नगर, नीलगंगा, राहुल उर्फ अनमोल पिता रामेश्वर बैरागी, निवासी कृष्णा रेसिडेंसी, इंदौर रोड, विजेंद्र उर्फ राजेश पिता भंवरसिंह गंगवाल निवासी संत रविदास नगर, पंकज उर्फ पंकेश पिता शांतिलाल सिलोदिया, निवासी महुखेड़ी, थाना भैरवगढ़ हैं। तीन आरोपी विक्की चौहान, सागर सूर्यवंशी और सौरभ फरार हैं जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
इनका कहना : सभी 6 आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया था जहां से 28 मार्च तक रिमांड पर लिया है। उनसे फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में आरोपी बढ़ भी सकते हैं।
– नरेंद्र कुमार यादव, टीआई, थाना नानाखेड़ा









