हादसा: मक्सी रोड पर एंबुलेंस ने टक्कर मारी, किशोर की मौत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मक्सी रोड पर ताजपुर चौपाटी के पास सोमवार रात सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत हो गई है। उसके जीजा और जीजा का दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें चरक अस्पताल में भर्ती किया है। इन्हें सामने से तेज रफ्तार से आ रही एम्बुलेंस ने टक्कर मार दी थी। मृतक का नाम समीर पिता आरिफ शाह (17) है। समीर इंदौर के बिसनखेड़ी का रहने वाला था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इंदौर में ही वह सरिए सेंटिंग का काम करता था। सोमवार को वह परिवार में गमी के कार्यक्रम में शामिल होने शाजापुर गया था। इसी कार्यक्रम में उसका जीजा आमिल शाह निवासी ताजपुर ब्यावरा और उसका दोस्त रेहान भी शामिल होने पहुंचे थे। वापस लौटते समय तीनों एक साथ एक ही मोटरसाइकिल से ताजपुर जाने के लिए निकले।
ताजपुर चौपाटी के पास रात करीब 8 बजे जब ये लोग सड़क क्रॉस कर रहे थे तभी सामने से तेज रफ्तार से आई एम्बुलेंस ने इन्हें चपेट में ले लिया। समीर ही मोटरसाइकिल चला रहा था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पंवासा पुलिस ने इस मामले में आरोपी एम्बुलेंस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल घायलों का इलाज चरक अस्पताल में जारी है। दोनों की हालत स्थिर है।









