हुड़दंग करने वाले 90 बदमाशों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई

मोहल्ला मीटिंग में सुरक्षा पर मंथन

मंदिरों में कीमती सामग्री और कैश नहीं रखने की हिदायत
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एसपी के निर्देशन में जिले में आगामी त्योहारों को शांति से मनाने के लिए और सोना-चांदी की कीमतों में हो रही वृद्धि को देखते हुए धार्मिक स्थलों में हो रही चोरियों को लेकर बडऩगर में पुलिस ने मोहल्ला मीटिंग आयोजित की। 10 मोहल्ले और 40 गांवों में हुई मीटिंग में आगामी त्योहारों में हुड़दंग करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर करवाया गया।
टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि थाना क्षेत्र की मोरवाल कॉलोनी, बुद्धेश्वर मंदिर, किला माता मंदिर, कोर्ट चौराहा, संकटमोचन हनुमान मंदिर हजारी बाग, माली सेरी, अडान मोहल्ला, गांधी चौक, आजाद चौक, महात्मा गांधी मार्ग एवं देहात के ग्राम भोमलवास, भांडतलावसी, बीरगोदा रणधीर, पीरझलार, कुनगारा सहित अन्य गांवों में हुई इन मीटिंग्स में ग्रामीणों से गांवों में स्थित मंदिर में सुरक्षा इंतजाम को लेकर चर्चा की गई एवं पुजारियों को समझाइश दी कि रात में भगवान को आभूषण ना पहनाएं और ना ही कैश रखें। इन्हें अपने साथ ले जाएं। इसके अलावा गांव में कोई अंजान या संदिग्ध व्यक्ति घूमता दिखते तो उसे रोककर पूछताछ करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति पाया जाता है तो तत्काल पुलिस या डायल 112 पर सूचना करें।









