आज गायिका गीता बेन की भजन संध्या

श्री करुणामई नारायण धाम में शिवशक्ति यज्ञ

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जयसिंहपुरा स्थित श्री करुणामई नारायण धाम में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के चौथे दिन प्रतिमाओं को शय्याधिवास कराया गया। उससे पहले देवपूजन, हवन के साथ पंच कुंडीय शिवशक्ति यज्ञ में आहुति डाली गई। शाम को गुजरात की प्रख्यात गायिका गीता बेन रबारी की भजन संध्या होगी। मुख्य कार्यक्रम कल होगा।
दरअसल ब्रह्मलीन करुणामई जटावाली माई एवं ब्रह्मलीन आत्मप्रकाश आनंद की स्मृति में मनाए जा रहे उत्सव में रोजाना सुबह 8 से दोपहर 12 और दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक यज्ञ हो रहा है। उत्सव के चौथे दिन देवपूजन से शुरुआत हुई। फिर हवन हुआ और फलाधिवास से निकालकर प्रतिमा का शय्याधिवास कराया गया। पंचकुंडीय यज्ञ में बड़ी संख्या में लोग आहुति देने पहुंचे। शाम 7 बजे से गुजरात की लोक गायिका गीता बेन रबारी की भजन संध्या होगी।
कल क्या होगा
देवपूजन, हवन, प्राण प्रतिष्ठा (सुबह 7 से 8), यज्ञ पूर्णाहुति एवं प्रसादी भंडारा (दोपहर 12 बजे से), शिप्रा आरती एवं दीप यज्ञ (शाम 7 बजे से) नगर भोज (शाम 7 बजे से)









