आज सेमीफाइनल के लिए भारत-विंडीज झोंकेंगे जान

10 साल बाद दोनों टीमें विश्व कप में भिड़ेंगी 2016 में विंडीज ने भारत को सात विकेट से हराया था
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कोलकाता, एजेंसी। टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को ईडन गार्डंस में टी-20 विव कप का सुपर आठ का मुकाबला ‘करो या मरो’ वाला होगा। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल का टिकट कटा लेगी तो हराने वाली का खेल खत्म हो जाएगा।
विजेता को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मार्च को दूसरे सेमीफाइनल में खेलने का मौका मिलेगा। भारतीय बल्लेबाज पिछले मैच में फेरबदल के बाद पुराने रंग में लौट आए हैं। हालांकि गेंदबाजी अब भी टीम के लिए चिंता का सबब बनी है। इस मुकाबले में चैंपियन भारत को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा खासकर गेंदबाजों को। जरा सी भी कोताही महंगी पड़ सकती है। जिम्बाब्वे के खिलाफ शीर्ष क्रम में वापसी करने वाले संजू सहित चोटी के सभी छह बल्लेबाजों ने अपना योगदान दिया था। संजू के साथ ही अभिषेक का बल्ला भी बोल रहा है। दोनों ने टीम को जो तूफानी शुरुआत दिलाई उसे हार्दिक और तिलक ने अंजाम तक पहुंचाया।
अभिषेक ने अर्धशतक लगाकर वापसी की तो तिलक नंबर छह की अपनी नई भूमिका में आक्रामक नजर आए। कप्तान सूर्य और ईशान ने भी छोटी पर धमाकेदार पारियां खेलीं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने अच्छी गेंदबाजी की। बुमराह और हार्दिक ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन चक्रवर्ती की फिरकी पहले जैसी नहीं चल रही। यह रहस्यमयी स्पिनर अपनी लेंथ को सही ढंग से नियंत्रित करने में विफल रहा है। ऐसा लगता है कि वह बहुत ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने ज्यादातर शॉर्ट पिच गेंदें की। जब उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ फुल लेंथ गेंद करने की कोशिश की तब भी उन्हें खास सफलता नहीं मिली।
सौ प्रतिशत जीत रिकॉर्ड
इस स्टेडियम में भारतीय टीम का वेस्टइंडीज के खिलाफ सौ प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड है। मेजबान टीम ने लगातार चार मैचों में वेस्टइंडीज को यहां पटखनी दी है। वहीं वेस्टइंडीज ने यहां अपने कुल सात मैचों में से तीन जीते हैं। भारत को छोड़कर अन्य सभी को उसने हराया है। मौजूदा विश्व कप में उसने इटली और स्कॉटलैंड को यहां पर पराजित किया।










