आसमान मेें कल से छाए घने बादल दिन और रात के तापमान में वृद्धि

उज्जैन। बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान के असर से शहर में सोमवार से बादल छाए हुए हैं। बादलों के कारण रात के तापमान में 6 और दिन में तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि हुई है। सर्दी के मौसम में भी तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा हो गया है।
सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मंगलवार दोपहर १२ बजे बाद बूंदाबांदी होने लगी। इस कारण दिन में तेज धूप नहीं निकलने के बाद भी अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई और 31.5 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले छह दिनों में दिन के तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
इधर बीती रात न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसमें तीन दिनों में 6 डिग्री का इजाफा हुआ है। हालांकि धूप नहीं निकलने से ठंड का असर हो रहा है। इधर तापमान में उतार चढ़ाव का असर शरीर पर भी हो रहा है। इससे लोग सर्दी-खांसी और बुखार के शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लग रही हैं।
शहर में गिर सकता है दिन का तापमान
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। आज और कल भी बादल छाए रहेंगे। दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है। जीवाजी वेधशाला के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और तूफान के असर से मौसम में बदलाव हो रहा है। उज्जैन जिले में बारिश की संभावना कम है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने लगी थी।









