इंदौर:गिरफ्तारी का कारण पूछा तो पुलिस ने मार दी गोली!

राजगढ़ के कडिय़ा सासी से पुलिस और ग्रामीणों के बीच मुठभेड़, तानाशाही का आरोप लगाया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

इंदौर। राजगढ़ जिले के कडिय़ा सासी में कल पुलिस और ग्रामीणों के बीच मुठभेड़ हो गई इस झड़प में एक महिला सहित तीन ग्रामीण गोली लगने से घायल हुए हैं। जबकि चार पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है। घायल ग्रामीण इंदौर के बांबे हॉस्पिटल में इलाज करवा रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस से गिरफ्तारी की वजह पूछी तो विवाद कर पुलिस वालों ने गोली मार दी थी।

राजगढ़ जिले से कल अंगूरी बाई पति कृष्ण मोहन, संजय पिता राम बाबू और जुगराज पिता राम बाबू को गंभीर घायल हालत में एमवाय अस्पताल लाया गया। यहां से परिजनों ने बंाबे हॉस्पिटल इलाज के लिए ले गए। रिश्तेदार शाहजहां ने बताया कल बोड़ा थाने के पुलिसकर्मी घर आए और बताया कि उनके खिलाफ वारंट है। थाने चलना पड़ेगा। ग्रामीणों ने वारंट के पूछा तो विवाद हो गया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच ऐसी झड़प हुई की गोलियां चल गई।

गोलीबारी में अंगूरी, संजय और जुगराज घायल हो गए। वहीं बोड़ा थाने के टीआई अर्जुन सिंह मुजाल्दे सहित चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस कर्मियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ दबिश देने के लिए टीम पहुंची थी। लेकिन ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इधर घायल ग्रामीण के परिजन पुलिस पर गोली मारने का आरोप लगा रहे हैं। तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं घायल टीआई को इलाज के लिए भोपाल रैफर किया गया है।

Related Articles