ईरान-इजराइल में दो माह बाद फिर जंग शुरू, मिसाइलें दागीं

तेहरान/वॉशिंगटन, एजेंसी। ईरान और इजराइल में 2 महीने बाद दोबारा जंग शुरू हो गई। ईरान ने रविवार रात इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर इजराइली हमलों के जवाब में की गई है। हमलों के बाद इजराइल के कई हिस्सों में सायरन बजे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
इसके जवाब में कुछ घंटों बाद इजराइल ने ईरान में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इजराइली सेना ने कहा कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरानी समाचार एजेंसी के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोट हुए। आईआरजीसी ने दावा किया कि इजराइल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया। हमलों के बाद ईरान ने राजधानी तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास का एयरस्पेस बंद कर दिया। इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करने का फैसला लिया है।









