करण गिरि बन सकते हैं श्री महाकालेश्वर मंदिर में नए महंत

आज शाम आएंगे महानिर्वाणी अखाड़े के पंच, मुख्य महंत पद के चार दावेदार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में भस्म अर्पण करने वाले महानिर्वाणी अखाड़े के महंत पद पर शुक्रवार को नए साधु की नियुक्ति हो सकती है। संभावना है कि हरिद्वार से आए थानापति करण गिरि को नया मुख्य महंत बनाया जा सकता है। उनके अलावा तीन और साधुओं के नाम पर भी विचार हो रहा है।
दरअसल, श्री महाकालेश्वर मंदिर में 6 साल से महानिर्वाणी अखाड़े के मुख्य महंत की हैसियत से महंत विनीत गिरि सेवा दे रहे थे। गुरुवार को स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने तीसरी बार जब हाईकमान को इस्तीफा भेजा तो इसे स्वीकार कर लिया गया। उनकी रीढ़ की हड्डी में परेशानी है।
एल-2 और एल-5 स्तर की इस प्रॉब्लम की वह से वे भस्मार्ती सही तरीके से नहीं कर पा रहे थे। उनके प्रतिनिधि के रूप में महंत शिवांग गिरि ही बाबा महाकाल को भस्म अर्पित कर रहे थे। अपनी स्वास्थ्य समस्या को लेकर वे दो बार पद से हटने की मंशा जता चुके थे। दो बार उनका इस्तीफा अखाड़े के पंचों ने अस्वीकृत कर दिया था लेकिन इस बार इस्तीफा स्वीकार कर लिया। शुक्रवार शाम महानिर्वाणी अखाड़े के श्री महंत मनोज गिरि, मृत्युंजय भारती, प्रेमपुरी, गोपाल गिरि उज्जैन आएंगे और नए महंत की चादर विधि करेंगे।
चार नामों में से एक नाम पर मुहर
उज्जैन में महानिर्वाणी अखाड़े के पंचों ने 4 थानापति की नियुक्ति की है। महंत गणेशपुरी पिछले 30 साल से सेवा दे रहे है। महंत राधेश्यामपुरी भी 6 साल से उज्जैन में ही है। महंत शिवांग गिरि फिलहाल विनीत गिरि की जगह भस्मार्ती कर रहे हैं। उनके सहयोग के लिए हरिद्वार से एक और संत करण गिरि को भी उज्जैन भेजा गया है। उनका नाम पहले से भस्मार्ती करने वाले प्रतिनिधियों की सूची में है। इन चार थानापतियों में से ही कोई एक मुख्य महंत बनेगा। सबसे मजबूत दावा करण गिरि का है, उन्हीं के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।
ओंकारेश्वर में भी बदलेंगे महंत
उज्जैन के साथ ही ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी महानिर्वाणी अखाड़े के महंत बदले जाएंगे। वहां के मौजूदा महंत कैलाशभारती भी इस्तीफा दे चुके हैं। उज्जैन में नए महंत का निर्णय होने के बाद अखाड़े के पंच ओंकारेश्वर में नई नियुक्ति करेंगे। ओंकारेश्वर में महंत मृत्युंजय भारती या मनोज गिरि में से किसी एक को मुख्य महंत बनाया जा सकता है।
गुरुग्राम शिफ्ट होंगे महंत विनीत गिरि
उज्जैन से निवृत होने के बाद महंत विनीत गिरि गुरुग्राम (गुडग़ांव) शिफ्ट होंगे। यहां महानिर्वाणी अखाडे की गोशाला है।यूपी के देवरिया जिले का लार मठ नाम भी उनका स्थान रहेगा। वह दोनों ही स्थानों के प्रभारी हैं।









