वीकेंड पर दर्शनार्थियों की भीड़ मंगलनाथ पर श्रद्धालु से विवाद

उज्जैन। चार दिन लंबे वीकेंड के कारण शहर में दर्शनार्थियों की भीड़ बनी हुई है। मंदिर फुल हैं और कुछ जगह अव्यवस्थाएं भी देखी जा रही हैं।इस सप्ताह लोगों को शनिवार-रविवार के अलावा गुड़ीपड़वा और चेटीचंड के कारण गुरुवार से ही अवकाश है। इस दौरान शहर में बाहरी दर्शनार्थियों की भीड़ बनी हुई है। श्री महाकाल मंदिर में पिछले चार दिनों से काफी संख्या में दर्शनार्थी पहुंच रहे हैं। बाहर से आने वाले लोगों को विक्रमोत्सव के स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने का भी उत्साह बना है। महाकाल मंदिर के अलावा कालभैरव, मंगलनाथ, सांदीपनि आश्रम आदि प्राचीन मंदिरों में भी काफी संख्या में दर्शनार्थी पहुंच रहे हैं।

मंगलनाथ मंदिर में विवाद
भारी भीड़ के बीच कुछ मौकापरस्तों के कारण मंदिरों में विवाद की स्थिति भी बन रही है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार शाम करीब 6 बजे मंगलनाथ मंदिर से निजी कंपनी की एक अधिकारी ने तीन लोगों को प्रोटोकाल लाइन से प्रवेश करा दिया। मौके पर मौजूद मंदिर के सहायक व्यवस्थापक दिलीप गुप्ता ने महिला दर्शनार्थी सहित तीन लोगों को रोका तो विवाद की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा कंपनी अधिकारी तुरंत प्रोटोकाल रसीद लेकर मौके पर आ गई। बाद में वरिष्ठों के सहयोग से पूरे विवाद को निपटाया गया। इस बाबत दिलीप गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा कंपनी के अधिकारी की गलती के कारण ऐसी स्थिति बनी। अगर दर्शनार्थी ने शीघ्र दर्शन के रुपए दिए है तो उसे तुंरत रसीद दी जाना चाहिए। गौरतलब है कि काल भैरव मंदिर से भी विवाद के कारण इन सुरक्षा अधिकारी को वहां से हटाया था।
महाकाल मंदिर का सुरक्षाकर्मी खड़े ट्रक की चपेट में आया, मौत
उज्जैन। शनिवार शाम बडऩगर रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में श्री महाकालेश्वर मंदिर के सुरक्षाकर्मी की जान चली गई। मंदिर से घर लौटते समय युवक लापरवाहीपूर्वक खड़े एक ट्रक की चपेट में आ गया।जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ग्राम बलेड़ी निवासी विकास पिता गणपतलाल परमार (25) महाकाल मंदिर में निजी सुरक्षा कंपनी कोर में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात था। शनिवार शाम जब वह अपनी बाइक (एमपी 13 एफएन 5973) से घर लौट रहा था तभी चंदूखेड़ी के पास फोरलेन बायपास पर खड़े ट्रक (एमपी 09 बीके 8456) में वह जा घुसा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विकास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर ने ट्रक लापरवाहीपूर्वक खड़ा किया था। चिंतामन पुलिस ने रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टीआई हेमराज यादव ने बताया कि ट्रक जब्ती में ले लिया है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
अक्षरविश्व इनसाइड
1000 की जरूरत-1700 की भर्ती, अब काम नहीं दे पा रहे, सुरक्षागार्ड तनाव में
श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा के लिए पिछले दिनों करीब 1000सुरक्षाकर्मियों का टेंडर मंदिर समिति ने कोर सिक्योरिटी सर्विसेस को दिया है। सूत्रों के मुताबिक कोर कंपनी ने 1000 सुरक्षाकर्मियों की जगह 1700 सुरक्षाकर्मियों की भर्ती कर ली। सभी सुरक्षाकर्मियों को पूरे महीने काम का वादा किया गया था और 6000 रुपए लेकर यूनिफॉर्म व किट आदि दी गई थी। अब जरूरत से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की भर्ती होने के कारण कंपनी उन्हें महीने में 15-17 दिन ही काम दे पा रही है। इस कारण पिछले महीने कंपनी ने करीब २०० से अधिक कर्मचारियों को बाहर भी किया था।
पूरे महीने काम नहीं मिलने से सुरक्षाकर्मी आर्थिक तंगी के कारण काफी तनाव में हैं। सभी सुरक्षाकर्मियों को सप्ताह में अधिकतम चार दिन नौकरी करवाई जा रही है। बाकी को घर लौटा दिया जाता है। ऐसे में हालात यह हैं कि कर्मचारी को मंदिर रोज आना है लेकिन ड्यूटी मिलेगी या नहीं इसकी गारंटी नहीं है। कई सुरक्षाकर्मी कहते हैं कि यूनिफॉर्म के नाम पर रुपए लेकर कंपनी ने उन्हें उलझा दिया है। वे अब कहीं और भी नौकरी नहीं कर सकते और यहां भी उन्हें पूरे महीने काम नहीं मिल रहा है। इस बाबत कंपनी के मैनेजर राहुल शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल नो रिप्लाई रहा।








