करवा चौथ की खुशियां मातम में बदलीं, अज्ञात वाहन की टक्कर से पति की मौत

डकाच्या पेट्रोल पंप के पास हादसा, पत्नी गंभीर घायल, इंदौर रेफर
अक्षरविश्व न्यूज देवास। इंदौर से करवा चौथ का सामान लेकर बाइक से देवास लौट रहे दंपती को मंगलवार रात डकाच्या पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार फुटकर व्यापारी विनोद पाठकार (66) की मौके पर ही मौत हो गई, उनकी पत्नी गोदावरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर के निजी अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार विनोद पाठकार अपनी पत्नी गोदावरी के साथ बाइक से इंदौर गए थे। दोनों करवा चौथ का सामान लेकर वापस देवास लौट रहे थे। रात में डकाच्या पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में विनोद को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी गोदावरी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजनों के अनुसार विनोद पाठकार एमजी रोड पर फुटकर दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।









