कांग्रेस छोटे-छोटे कदम से जीत की मंजिल तय करना चाहती है, नए पेर्टन की शुरुआत…

By AV NEWS

चुनाव संचालन की जिम्मेदारी संभागीय मुख्यालयों को, प्राथमिकता में स्थानीय मुद्दे

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन संसाधनों के साथ अन्य सुविधाओं का सामना कर रही कांग्रेस चुनावी मुकाबले के लिए नए पेर्टन की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस की मंशा छोटे-छोटे कदम से जीत की मंजिल तय करना है। इसके लिए चुनाव संचालन की जिम्मेदारी संभागीय मुख्यालयों को दी जाएगी। प्राथमिकता में स्थानीय मुद्दे रहेंगे।

चुनाव अभियान के संचालन के लिए कांग्रेस राज्य, संभाग और जिला स्तर पर अलग-अलग नेताओं की टीम बनाकर दायित्व का निर्धारण कर रही है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस संभागीय मुख्यालयों से चुनाव अभियान संचालित करेगी। प्रदेश स्तर से जो कार्यक्रम मिलेंगे उनके अलावा स्थानीय आवश्यकता के अनुसार कार्यक्रम बनेंगे और उन्हें स्थानीय वरिष्ठ नेता ही संचालित करेंगे। इसमें स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।

यात्रा निकालने से लेकर अन्य गतिविधियां होंगी। मीडिया विभाग ने इसके लिए प्रत्येक संभाग में प्रभारी नियुक्त कर दिया है। वहीं, प्रत्येक जिले में 15 से 20 नेताओं की समन्वय समिति भी बनाई गई है जो प्रत्याशी और संगठन के बीच सेतु का काम करेगी। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने का जिम्मा भी इसी समिति का होगा। पार्टी नेताओं का मानना है कि तमाम स्थानों पर बाहरी नेताओं का प्रभाव भी नहीं होता है। ऐसे में स्थानीय नेताओं को ही चुनाव अभियान की बागडोर संभालनी होगी।

वरिष्ठ नेताओं की टीम

पार्टी ने तय किया है कि प्रत्येक संभागीय मुख्यालय पर वरिष्ठ नेताओं की एक ऐसी टीम रहेगी जो पूरे अभियान को दिशा दे सके। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में 15 से 20 नेताओं की समन्वय समिति भी बनाई है। इसमें पार्टी के सभी अनुषांगिक संगठनों के जिला प्रमुख, भूतपूर्व और वर्तमान विधायक, भूतपूर्व सांसद, जिला प्रभारी और संगठन मंत्री को शामिल किया है। यह प्रत्याशी, नेता और कार्यकर्ताओं के बीच सेतु का काम करेंगे। कहीं कोई नाराजगी है तो उसे दूर करने का दायित्व भी इनका होगा।

कद्दावर नेताओं की घेराबंदी

कांग्रेस ने भाजपा के कद्दावर नेताओं की उन्हीं के क्षेत्र में घेराबंदी करने की कार्ययोजना तैयार की है। इन्हें क्षेत्र की जनता से जो वादे किए थे और पांच साल में क्षेत्र के लिए क्या किया, इसे प्रमुखता से जनता के बीच रखा जाएगा। प्रतिदिन महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्या, अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग अत्याचार, महिला उत्पीडऩ जैसे विषयों पर पांच प्रश्न भी पूछे जाएंगे। पार्टी राज्य स्तरीय के साथ-साथ स्थानीय वचन पत्र भी तैयार करा रही है। प्रत्याशी और संभाग के वरिष्ठ नेता इसे जनता के बीच रखेंगे।

मैदानी स्थिति का आकलन होगा

प्रदेश इकाई को मैदानी स्थिति का आकलन कर जानकारी भी भेजेंगे। उधर, प्रचार अभियान को आक्रामक तरीके से संचालित करने के लिए पार्टी के मीडिया विभाग ने संभागीय प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। जिला प्रवक्ता इनके मार्गदर्शन में काम करेंगे। साप्ताहिक रिपोर्ट बनाकर प्रदेश इकाई को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर इनके कामकाज का मूल्यांकन भी होगा।

Share This Article