गजल… दुनियादारी से जुदा
कर ना पाये कुछ हम दुनियादारी से जुदा
आसां कब था होना दुनिया सारी से जुदा
पग पग पर समझौते किये जीने के लिये
हुए सब उसूल अपने बारी बारी से जुदा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
Advertisement
घर से जब निकले तो हमें अहसास हुआ
है और भी दुनिया इस चार दीवारी से जुदा
दिल का मर्ज ही नहीं बस इक मर्ज तन्हा
मर्ज और भी हैं दिल की बीमारी से जुदा
सुख में तो सब लोग साथ रहे मेरे लेकिन
दुख आया तो हुए सब हुशियारी से जुदा
जी चाहता है बच्चों की तरह खेलूं कूदूं
जीवन में कुछ तो हो अदाकारी से जुदा
Advertisement
जुदा होना सफर में अपना लाजिमी था
मंजिल तुम्हारी जो थी हमारी से जुदा
जो मांगता है दौलत खुदा से रात दिन
वो धनवान भी कहां है भिखारी से जुदा
– डॉ. विजय कुमार सुखवानी
Advertisement




