घर लौट रहे युवक के लिए काल बनकर आया डंपर, मक्सी रोड पर हादसा

उज्जैन। रविवार दोपहर मक्सी रोड पर डंपर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने डंपर बरामद कर लिया है, लेकिन चालक फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक हादसा पंवासा चौराहा गरोठ ब्रिज से उज्जैन की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। ग्राम ब्यावरा निवासी शाहरुख (25) पिता अरब अली पटेल ब्लॉक बनाने का काम करता था और दोपहर में अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। तभी पीछे से डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर में शाहरुख डंपर के पहिए के नीचे आ गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पंवासा पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया है।
परिजन सदमे में: हादसे की खबर मिलते ही शाहरुख के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुँचे। 25 वर्षीय जवान बेटे का शव देख परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
टक्कर से मौत के मामले में केस दर्ज
उज्जैन। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में रत्नप्रिया होटल के पहले इंदौर रोड पर बाइक की टक्कर से अन्य बाइक सवार की मौत हो गई। इस मामले में जांच के बाद नानाखेड़ा पुलिस ने रविवार को प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि घटना ३ मार्च की है। इंदौर रोड पर ग्राम निनौरा में रत्नप्रिया होटल से पहले तेज रफ्तार से आ रहे बाइक चालक ने सामने से अन्य बाइक सवार संजय पिता गंगाराम प्रजापत (45) निवासी निनौरी को टक्कर मार दी थी जिससे संजय की मौत हो गई थी। मामले में जांच के बाद नानाखेड़ा पुलिस ने रविवार को प्रकरण दर्ज किया।
बाइक की टक्कर से ठेले में लगी, चोट से सब्जी वाले की मौत
उज्जैन। बाइक की ठेले में टक्कर लगने के बाद सब्जी विक्रेता की रविवार शाम को मौत हो गई। घटना पंवासा पुलिस की है। पंवास निवासी रामप्रसाद पिता गेंदाजी (50) सब्जी बेचने के लिए रविवार शाम करीब 6 बजे हाथ ठेला लेकर जा रहा था। तभी अज्ञात बाइक चालक ने ठेले को टक्कर मार दी। टक्कर से ठेले का कोना रामप्रसाद के पेट में लग गया। जिससे उसके पेट में गंभीर दबी चोट लगी और मौके पर ही वह दर्द से तड़पने लगा। मौजूद लोग उसे चरक अस्पताल ले गए जहां रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पंवासा पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई की जा रही है।
ट्रेन में विवाद के दौरान युवक बाहर गिरा, गंभीर रूप से घायल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। घट्टिया थाने के डाबरी निवासी एक युवक रविवार रात को इंदौर से लौटते वक्त चलती ट्रेन से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना माधवपुर रेलवे स्टेशन के पास की है। घायल बाबूसिंह पिता गजेंद्र सिंह (३०) का चरक अस्पताल मेें इलाज चल रहा है। बाबूसिंह ने बताया कि वो रविवार रात को ट्रेन से उज्जैन लौट रहा था। रात करीब ११ बजे ट्रेन में कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। बीचबचाव करने के प्रयास में वो दरवाजे से बाहर फिंका गया। इसी दौरान उसने गेट का हैंडल पकड़ लिया। ऐसे में पैर नीचे घसिटाने के कारण पैर बुरी तरह घायल हो गए। इसी बीच हैंडल छूटने से वो माधवपुरा स्टेशन के पास ट्रैक पर जा गिरा। गंभीर हालत में उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक की टक्कर से बालिका घायल
उज्जैन। पंवासा थाना क्षेत्र के कृष्णा जेंट्स पार्लर के सामने जा रहे फरियादिया कोमल सूर्यवंशी (32) निवासी बजरंग कॉलोनी और उनकी 13 वर्षीय भांजी चेतना पिता नरेंद्र वर्मा निवासी मालवा मिल, इंदौर हालमुकाम बजरंग कॉलोनी को पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी जिससे बालिका चेतना को चोट लगी।









