ऑपरेशन मेट्रिक्स… 67 लाख के म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़, आरोपी खाता संचालक गिरफ्त में

महाकाल इवेंट मैनेजमेंट एंड वीडियो फोटोग्राफी नाम से चला रहा था अकाउंट

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ऑपरेशन मेट्रिक्स के तहत ६७ लाख रुपए से अधिक के म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़ करते हुए आरोपी खाता संचालक को पकड़ा है। जमाकर्ताओं को विश्वास में लेकर आरोपी ऑनलाइन गेमिंग/लॉटरी के नाम पर खातों में राशि डलवाता था और फिर उसे निकाल लेता था। दरअसल, पिछले दिनों माधवनगर पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया था। जांच में भारतीय स्टेट बैंक, एसएमई ब्रांच, फ्रीगंज के खाता क्र. 43426944775 महाकाल इवेंट मैनेजमेंट एंड वीडियो फोटोग्राफी के नाम से संचालित था जो म्यूल अकाउंट पाया गया।
01.01.2025 से 31.12.2025 के बीच खाते में कुल 67,64,700/- जमा हुए जिसमें से 55,82,878 रुपए निकाले गए। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार खाते में संदिग्ध ट्रांजेक्शन एवं सीमित के्रडिट-डेबिट एंट्री पाई गई। जिसे बैंक ने फ्रीज किया और पुलिस ने खाता संचालक छायेश पिता सुरेश सेन (35) निवासी महानंदानगर को पकड़ा। आरोपी ने अपने खाते की चेकबुक व एटीएम अपने साथी दानु उर्फ अरमान एवं राहुल कुमार मालवीय को दिए थे। इन दोनों द्वारा अकाउंट का यूज ऑनलाइन गेमिंग/सायबर ठगी (सेवन लॉटरी आदि) के माध्यम से अवैध रूप से रुपए के ट्रांसफर और उसे निकालने में किया जाता था।
ऐसे पकड़ाया आरोपी
आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीआई राकेश भारती ने टीम बनाई। जिसने तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी छायेश सेन को शनिवार को धरदबोचा। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से 2 दिन के रिमांड पर लिया है। उससे अन्य आरोपियों, साइबर ठगी नेटवर्क एवं अवैध लेन-देन के संबंध में पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।









