चुनाव से पहले बीजेपी ने MP-CG के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की

मध्य प्रदेश के लिए 39 और छत्तीसगढ़ के लिए 21 उम्मीदवार
छत्तीसगढ़ में पांच महिलाओं, दस अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति के प्रत्याशी का नाम पहली लिस्ट में है। मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों की पहली सूची में पांच महिलाएं, आठ अनुसूचित जाति और 13 अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशी शामिल हैं।
प्रत्याशियों की लिस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कल हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC)की बैठक के एक दिन बाद आई है। सीईसी उम्मीदवारों के चयन और चुनाव रणनीति व तैयारी के लिए पार्टी की ओर से निर्णय लेने वाली संस्था है।
उम्मीदवारों के नामों की पहले से घोषणा करने के बीजेपी नेतृत्व के फैसले का उद्देश्य पार्टी के भीतर मतभेदों की पहचान करना और मुद्दों को पहले से ही हल करने की कोशिश करना हो सकता है।
इस साल की शुरुआत में कर्नाटक चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी एक और हार झेलने के मूड में नहीं है। इस साल के अंत में राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम के साथ छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश उन पांच राज्यों में शामिल हैं जहां चुनाव होने वाले हैं।
इनमें से छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विपक्षी दल कांग्रेस का शासन है। मिजोरम में मणिपुर हिंसा के मद्देनजर सहयोगी सत्तारूढ़ पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट के साथ बीजेपी के संबंध तनावपूर्ण हैं। वहीं मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है।









