चेन्नई के खिलाफ मुकाबले के बाद लखनऊ टीम के कप्तान ऋषभ पंत पर लगा भारी जुर्माना, सामने आई बड़ी वजह

चेन्नई के खिलाफ मुकाबले के बाद लखनऊ टीम के कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई मैच के दौरान धीमी ओवर गति को लेकर की गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से बताया गया कि टीम तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी, जिसके चलते आईपीएल आचार संहिता के तहत दंड लगाया गया।
इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई को सात विकेट से मात दी थी। हालांकि जीत के बावजूद टीम पर नियम उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया। आईपीएल के नियमों के अनुसार यदि कोई टीम निर्धारित समय के भीतर ओवर पूरे नहीं करती है तो कप्तान पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाता है।
बताया गया कि मौजूदा सीजन में यह लखनऊ टीम की ओर से पहली बार slow over rate का मामला सामने आया है। इसी वजह से कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आईपीएल प्रबंधन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि यह कार्रवाई आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत की गई है, जो न्यूनतम ओवर गति से जुड़ा हुआ है।
मैच की बात करें तो चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। टीम की ओर से कार्तिक शर्मा ने अर्धशतक लगाया और पारी को संभाला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ टीम ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस के बीच शानदार शतकीय साझेदारी देखने को मिली। दोनों बल्लेबाजों ने चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। टीम ने 20 गेंद बाकी रहते ही मुकाबला जीत लिया।
इस हार के बाद चेन्नई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर लखनऊ की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन जीत के बाद टीम ने तालिका में अपनी स्थिति में सुधार किया है। फिलहाल अंक तालिका में आरसीबी, गुजरात, हैदराबाद और पंजाब की टीमें टॉप-4 में बनी हुई हैं।









