थार और नकली पिस्टल के साथ वीडियो बनाना भारी पड़ा, रील के रौब में फंसा गोल्डमैन रोशन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सोशल मीडिया पर रील बनाकर कानून की धज्जियां उड़ाने और खुद को डॉन दिखाने की कोशिश शहर के सोशल मीडिया पर्सन गोल्डमैन रोशन यादव को महंगी पड़ गई। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम वीडियो के आधार पर इंदौरगेट निवासी रोशन के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
चिमनगंज टीआई गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि 25 फरवरी को प्रधान आरक्षक नवीन सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी थी, जो खाकचौक क्षेत्र में बनाई गई थी। रील में रोशन यादव अपनी डार्क रंग की थार (एमपी 20 जेडसी 0072) को लापरवाही पूर्वक, तेज गति से और रॉन्ग साइड में दौड़ाता नजर आ रहा है। इस दौरान वह बिना सीट बेल्ट के था और गाड़ी में अवैध रूप से हूटर व प्रेशर हॉर्न का उपयोग कर रहा था।
कमर में पिस्टल, पुलिस और नेताओं के साथ रील
पुलिस की जांच में सामने आया है कि रोशन यादव रीलबाज है। उसकी कुछ वीडियो में वह कमर में पिस्टल टांगकर रौब झाड़ते दिख रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पिस्टल नकली है लेकिन गिरफ्तारी के बाद इसकी पुष्टि की जाएगी। आरोपी ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में कई पुलिस अफसरों और नेताओं के साथ भी रील पोस्ट की है ताकि समाज में अपना दबदबा दिखा सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185(4), 138(3), 177 सीएमबीआर, 51/177, 100(2) व 184 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
View this post on Instagram









