जीआरपी थाने के जवान की ड्यूटी से लौटने पर तबियत बिगड़ी अस्पताल में भर्ती
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:देवासगेट थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल ड्यूटी के बाद घर लौटा। भोजन के बाद सौफे पर बैठा उसी दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने उसके शव का पीएम कराया है। वहीं जीआरपी थाने के जवान को संदिग्ध हालत में उसके साथी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका उपचार जारी है।
हेड कांस्टेबल उदयसिंह पिता रामप्रताप राठौर 58 वर्ष निवासी शिवाजी पार्क कॉलोनी देवासगेट थाने में कोर्ट मुंशी के पद पर पदस्थ था। दिन में कोर्ट का काम निपटाने के बाद शाम करीब 7 बजे घर लौटा। भोजन के बाद सौफे पर बैठा था। डोरबैल बजने पर वह दरवाजा खोलने के लिये खड़ा हुआ तो पत्नी ने रोका और दरवाजा खोलने गई।
इस पर उदयसिंह वापस सौफे पर बैठ गया और बेहोश हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गये जहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि उदयसिंह की संभवत: हार्ट अटैक के कारण मृत्यु हुई है। माधव नगर पुलिस ने शव का पीएम कराया है।
इधर जीआरपी थाने में पदस्थ आरक्षक रामकिशोर रात में ट्रेन गार्ड की ड्यूटी करने के बाद सुबह गऊघाट रेलवे कालोनी स्थित घर लौटा जहां उसकी तबियत बिगड़ गई। पत्नी ने तुरंत थाने में फोन किया तो उसके साथी जवान रामकिशोर को पुलिस वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे वार्ड में भर्ती किया। डॉक्टर का कहना था कि रामकिशोर बार-बार उल्टियां कर रहा था शायद उसने अज्ञात जहरीला पदार्थ खाया है। फिलहाल एमएलसी बनाकर थाने पर सूचना दी गई है।