देवास रोड पर तेज रफ्तार कार ने महिला को रौंदा

छत्तीसगढ़ से परिवार के साथ उज्जैन दर्शन करने आ रही थी
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन बीती रात देवास रोड़ पर तेज रफ्तार कार ने पैदल सड़क पार कर रही महिला को रौंद दिया। परिवारजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित किया और शव को पीएम के लिये जिला अस्पताल भिजवाया। नरवर पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू की है।
मीनाबाई पति साहूरकर 57 वर्ष निवासी बुदेलीकला राजनांदगांव छत्तीसगढ़ बोलेरो वाहन में परिवारजन के साथ उज्जैन दर्शन करने आ रही थी। उक्त लोगों ने एमआईटी फंटा स्थित फारूक पटेल के मकान के सामने अपना वाहन रोका और सभी ने भोजन किया। रात करीब 8 बजे मीनाबाई सड़क पार कर दूसरी ओर जा रही थी तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला। उसके परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मीनाबाई को मृत घोषित कर दिया।
मीनाबाई के समधि मानसिंग ने बताया कि परिवार केसाथ हम लोग उज्जैन दर्शन करने बोलेरो वाहन से उज्जैन जा रहे थे। खाने के लिये रास्ते में वाहन रोका था और उक्त दुर्घटना हो गई। मीनाबाई के पति खेती करते हैं और उनके दो पुत्र व एक पुत्री है। नरवर पुलिस का कहना है कि कार चालक मौके से भाग गया जिसकी तलाश कर रहे हैं।









