नगर निगम उज्जैन के अधिकारियों के स्थानांतरण

By AV NEWS 1

आखिरकार अपर आयुक्त मंडलोई का हो गया तबादला

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा नगर निगम के एक अधिकारी का तबादला कर दो अधिकारियों को पदस्थ किया है। इसमें अपर आयुक्त राधेश्याम मंडलोई प्रभावित हुए हंै। उन्हें रीवा भेजा गया है।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा तबादला सूची जारी कर अपर आयुक्त राधेश्याम मंडलोई को संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विभाग रीवा के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा पवनसिंह संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विभाग रीवा को अपर आयुक्त नगर निगम उज्जैन, योगेंद्र पटेल उपायुक्त नगर निगम भोपाल को उपायुक्त नगर निगम उज्जैन बनाया गया है।

बता दें कि अपर आयुक्त मंडलोई का अपनी कार्यप्रणाली के कारण वरिष्ठ अधिकारियों से तालमेल कम ही रहा। शिकवे-शिकायत में मंडलोई कमजोर नहीं रहे। इतना ही पदस्थापना के दौरान तबादला होने पर नियम-कानून का सहारा लेकर निर्णय को चुनौती देने में भी पीछे नहीं रहे।

करीब २ वर्ष पहले अपर आयुक्त मंडलोई का तात्कालीन आयुक्त से तीखा विवाद हो गया था। उस वक्त आयुक्त ने मंडलोई की कार्यप्रणाली और अवकाश को लेकर सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जाहिर की थी। इस पर दोनों के बीच अधिनस्थों के सामने बहस भी हुई थी। इसके बाद नगर निगम आयुक्त ने अपर आयुक्त राधेश्याम मंडलोई को नगर निगम के अधिकांश व्हाट्सएप ग्रुप से बाहर कर दिया ग्रांड होटल परिसर में आवंटित आवास भी वापस ले लिया गया था।

Share This Article