प्रतिदिन हर वार्ड में दो मकानों की कुर्की के लिए 700 बकायादारों की लिस्ट तैयार
उज्जैन। नगर निगम का संपत्तिकर भुगतान करने में बड़ी संख्या में बकायादार आनाकानी कर रहे हैं। इसके लिए कई बार नोटिस जारी किए जा चुके है और उन्हें अवसर भी दिया गया है लेकिन इसके बाद भी टैक्स का भुगतान करने के प्रति बकायादारों की रुचि नहीं दिख रही हैं।
इस वजह से अब नगर निगम ने कुर्की की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की है। नगर निगम के अपर आयुक्त आदित्य नागर ने संपत्तिकर शाखा के अधिकारी सहित सभी जोन के प्रभारियों से कहा है कि वह अपने यहां की लिस्ट तैयार करें। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने 700 बड़े बकायादारों की लिस्ट तैयार की है। इन पर 6 करोड़ रुपए से ज्यादा का संपतिकर बकाया है। पहले 50 हजार रुपए से अधिक के बकायादारों के यहां कुर्की की जाएगी।
संपत्तिकर जमा न करने वालों की संपत्तियां नगर निगम अब कुर्क करेगी। इसके लिए नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी वार्डवार करदाताओं के घर-घर दस्तक देकर बकाया करों की राशि जमा करने का आग्रह कर रहे है। इसके बाद भी जो करदाता वर्षों से संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे है तो अगले सप्ताह उनकी संपत्ति कुर्क करने का अभियान चलाया जाएगा। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने हर जोन में बड़े बकायादारों की लिस्ट तैयार की है। इन पर 6 करोड़ रुपए से ज्यादा का संपतिकर बकाया है।
आश्वासनों से नहीं रूकेंगी कार्रवाई
राजस्व अमले को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक दिन प्रत्येक वार्डों में कम से कम दो मकान अनिवार्य रूप से कुर्क करना सुनिश्चित करें। वहीं बड़े बकायादारों के यहां नगर निगम के कर्मचारियों को लगातार संपर्क में रहने के लिए कहा गया है, जिसके चलते बकायादारों के यहां राशि जमा कराने के लिए कर्मचारी पहुंच रहे हैं। ऐसे में अधिकांश लोगों ने फिर से आश्वासन दिया है कि वह राशि जमा करेंगे।
इस तरह के आश्वासन लंबे समय से मिलते रहे हैं लेकिन अब कुर्की की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पहले रसूखदारों के यहां कार्रवाई होगी। नगर निगम द्वारा सभी करदाताओं से अपील की गई है कि सभी करदाता अपनी अपनी बकाया करों की राशि जमा कर निगम की अप्रिय कार्रवाई से बचें।
यह है स्थिति…
- झोन क्रमांक– बड़े बकायादार 46, बकाया राशि 45 लाख रुपए तक।
- झोन क्रमांक-2- बड़े बकायादार113, बकाया राशि 1करोड़ रुपए तक।
- झोन क्रमांक-3- बड़े बकायादार 68,75 लाख रुपए तक।
- झोन क्रमांक-4- बड़े बकायादार 88, बकाया राशि 92 लाख रुपए तक।
- झोन क्रमांक-5 बड़े बकायादार 163, बकाया राशि 1 करोड़ 50 लाख रुपए तक।
- झोन क्रमांक-6बड़े बकायादार 158, बकाया राशि 1 करोड़ 18 लाख 95हजार रुपए तक।
नगर निगम के झोन कार्यालयों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार ये वे बड़े बकायादार है जिनके 50 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक का संपत्तिकर बकाया हैं।
31 दिसंबर के बाद पैनल्टी लगेगी
शासन के निर्देश अनुसार वर्तमान वर्ष के लिए संपत्ति करदाताओं को 31 दिसंबर तक सरजार्च में छूट दी गई है। इसके बाद भुगतान करने वाले लोगों को सरचार्ज के साथ पैनल्टी का भी भार उठाना पड़ेगा। नगर निगम ने समस्त संपत्ति करदाताओं से अपील की है वे वर्तमान वर्ष का संपत्ति कर 31 दिसंबर के पहले जमा करवा कर छूट का लाभ लें।