निर्माण कार्य देखने निकले आयुक्त को नगर निगम का कबाड़ बिकता दिखा, तुरंत एक्शन

उज्जैन। गुरुवार दोपहर सिंहस्थत निर्माण कार्य देखने निकले निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा उस वक्त दंग रह गए जब हरिफाटक ब्रिज के नीचे बारह खोली पर ब्रिज के नीचे नगर निगम की कचरा गाड़ी कबाड़ बेचते मिली। यहां पर मुर्गा-मुर्गी का व्यापार भी चल रहा था।

यहां पर मुज्जफर खान और सलमान द्वारा अवैध रूप से मुर्गी विक्रय और कबाड़ का कारोबार किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान जब मौके पर कबाड़ बेचने के लिए खड़ी एक गाड़ी की जांच की गई, तो पता चला कि गाड़ी में भरा कबाड़ नगर निगम द्वारा शहर से संग्रहित किए जाने वाले कचरे में से छांटकर निकाला गया था। हद तो तब हो गई जब मौके पर कबाड़ बेचते हुए निगम की आउटसोर्स एजेंसी के ही ड्राइवर और हेल्पर रंगेहाथ पकड़े गए।
कमिश्नर ने बिना वक्त गंवाए तत्काल रिमूवल गैंग को बुलाकर खुद की मौजूदगी में पूरे अवैध बाजार को जेसीबी से ढहा दिया। कबाड़ बेचने वाले दोनों आउटसोर्स कर्मचारियों और दुकान संचालक के खिलाफ तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही कबाड़ ढोने वाले वाहन को भी जब्त कर लिया।









