नीति आयोग की बैठक, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने पर फोकस

अक्षरविश्व न्यूज . नईदिल्ली नीति आयोग की 9वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी अध्यक्षता कर रहे हैं। मीटिंग में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने पर फोकस रहेगा। बैठक के लिए बंगाल सीएम ममता बनर्जी, असम सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा, राजस्थान सीएम भजन लाल शर्मा, मध्य प्रदेश सीएम मोहन यादव, आंध्र प्रदेश सीएम चंद्रबाबू नायडू और गोवा सीएम प्रमोद सावंत पहुंचे हैं।
इंडिया ब्लॉक की पार्टियों वाले 7 राज्यों के मुख्य मंत्रियों ने बैठक में आने से इनकार कर दिया है। इनमें तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और झारखंड शामिल हैं। वहीं, एनडीएम के प्रमुख सहयोगी JDU के नीतीश कुमार भी बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं। उनकी जगह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा शामिल हो रहे हैं।
ममता बनर्जी ने बैठक से एक दिन पहले कहा कि नीति आयोग खत्म करो और योजना आयोग को वापस लाओ। योजना आयोग, नेताजी सुभाष चंद्र बोस का आइडिया था। उन्होंने आगे कहा- ये सरकार आपसी लड़ाई में गिर जाएगी, इंतजार कीजिए। इस दौरे में मेरे पास ज्यादा समय नहीं है, इसीलिए किसी नेता से मेरी मुलाकात नहीं हो रही। नीति आयोग की बैठक पर राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा, नीति आयोग क्या है? एक शैक्षणिक अभ्यास के लिए पीएम मोदी ने एक बॉडी बना दी। इन्हें योजना आयोग से क्या दिक्कत थी? सिर्फ इसलिए दिक्कत हुई क्योंकि ये नेहरू के जमाने से था।
केंद्र ने नीति आयोग की नई टीम बनाई
केंद्र सरकार ने 16 जुलाई को नीति आयोग की नई टीम का ऐलान किया। इसमें चार पूर्णकालिक सदस्यों के अलावा भाजपा और NDA के सहयोगी दलों के 15 केंद्रीय मंत्रियों को पदेन सदस्य या विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से इससे जुड़ा नोटिफिकेशन जारी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयोग के अध्यक्ष और इकोनॉमिस्ट सुमन के बेरी उपाध्यक्ष बने रहेंगे। इसके अलावा साइंटिस्ट वी के सारस्वत, एग्रीकल्चर इकोनॉमिस्ट रमेश चंद, बाल रोग विशेषज्ञ वी के पॉल और मैक्रो-इकोनॉमिस्ट अरविंद विरमानी पूर्णकालिक सदस्य बने रहेंगे।
भारत 30 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य हासिल करेगा नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग में विकसित भारत 2047 को लेकर चर्चा की जाएगी। भारत को विकसित बनाने के लिए राज्यों की भूमिका पर भी चर्चा की जाएगी। नीति आयोग का कहना है कि देश 5 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करेगा।









